RSS Centenary Celebration 2026 : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर राजधानी दिल्ली में आयोजित भव्य राष्ट्र वंदनम कार्यक्रम में सरसंघचालक मोहन भागवत ने भारत की वैश्विक भूमिका, हिंदू जीवन दर्शन और संघ की कार्यपद्धति पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को सबसे भरोसेमंद देश के रूप में देख रही है। अंतरराष्ट्रीय तनाव और संघर्षों के बीच भी भारत सभी देशों के प्रति सद्भावना रखता है और जरूरत पड़ने पर उन देशों की भी मदद करता है, जो भारत की सहायता नहीं करते। भागवत ने कहा कि दुनिया को भारत से बड़ी उम्मीदें हैं और अब समय आ गया है कि देश अपनी सांस्कृतिक पहचान और मूल विचारों के आधार पर विश्व का मार्गदर्शन करे।
देश सर्वोपरि, व्यक्तिगत पहचान से पहले राष्ट्र का स्थान
मोहन भागवत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक संगठन के उद्देश्य और संकल्प को लेकर लगातार काम कर रहे हैं। संघ के शताब्दी वर्ष का इस्तेमाल समाज के साथ संवाद बढ़ाने, अधिक से अधिक लोगों तक संगठन की विचारधारा पहुंचाने और प्रत्यक्ष गतिविधियों का विस्तार करने के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि हिंदू सम्मेलन जैसे कई कार्यक्रमों की जिम्मेदारी समाज ने स्वयं संभाली और इसके लिए अलग-अलग क्षेत्रों में समितियां बनाई गईं।

भागवत ने स्पष्ट कहा कि देश से बढ़कर कुछ भी नहीं होना चाहिए। व्यक्ति की जाति, भाषा, परिवार, प्रांत, मत, पंथ और राजनीतिक विचारधारा बाद में आते हैं, सबसे पहले राष्ट्र है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत की अस्मिता, पहचान और वास्तविक स्वरूप को समझना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, समाज में अब इस विचार को लेकर जागरूकता बढ़ रही है कि विविधताओं के बावजूद भारत के लोग एक ही राष्ट्र का हिस्सा हैं।

भारत के लोगों में एकता और अपनत्व की भावना मजबूत
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत में अलग-अलग विचारधाराएं, पंथ, संप्रदाय और धार्मिक परंपराएं सदियों से मौजूद हैं। समय के साथ अनेक धाराएं और अलग-अलग मान्यताएं विकसित हुईं, लेकिन इन विविधताओं ने भारतीय समाज की एकता को समाप्त नहीं किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज में मतभेदों का फायदा उठाकर विभाजन पैदा करने की कोशिश करते हैं, लेकिन भारत के लोगों की मूल भावना एक रहने की है।भागवत ने परिवार का उदाहरण देते हुए कहा कि एक बड़े परिवार में रहने वाले लोगों के बीच भी कभी-कभी मतभेद और नाराजगी होती है। इसके बावजूद परिवार के सदस्य एक-दूसरे को अपना मानते हैं। इसी तरह भारत में भी अलग-अलग समुदायों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सभी को यह समझना चाहिए कि वे एक ही देश के नागरिक हैं।
संकट के समय पूरा देश बन जाता है एक परिवार
मोहन भागवत ने कारगिल युद्ध का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भी भारत पर कोई विदेशी हमला होता है, तो देश के भीतर मौजूद मतभेद पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने बताया कि युद्ध के समय सीमा पर तैनात सैनिकों से लेकर सामान्य नागरिकों तक सभी अपने-अपने तरीके से देश की सहायता करने में जुट जाते हैं।उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि कारगिल युद्ध के दौरान एक कोचिंग संचालक ने विद्यार्थियों से मिली सालभर की फीस युद्ध सहायता कोष में दे दी थी। वहीं, एक भिखारी ने तीन दिन तक भीख मांगकर जमा किए गए पैसे भी देश की मदद के लिए दान कर दिए थे। भागवत ने कहा कि देश के प्रति यही भावना हमेशा बनी रहनी चाहिए, न कि केवल संकट के समय जागनी चाहिए।

दुनिया भारत से सीखना चाहती है जीवन जीने का तरीका
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत ने अनेक कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखा है। दुनिया के कई देशों को यह देखकर आश्चर्य होता है कि भारत में व्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक जिम्मेदारी दोनों को साथ लेकर चलने की क्षमता है।उन्होंने कहा कि भारत के पास ऐसी जीवन पद्धति और सामाजिक व्यवस्था है, जिससे दुनिया के दूसरे देश भी सीख सकते हैं। यहां अनेक धर्मों और संप्रदायों के लोग लंबे समय से रहते आए हैं और उन्हें सम्मान तथा सुरक्षा मिली है। भागवत के मुताबिक, भारत की यही विशेषता उसे वैश्विक स्तर पर अलग पहचान देती है।
भारत दुनिया का सबसे भरोसेमंद देश: मोहन भागवत
मोहन भागवत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आज भारत को सबसे भरोसेमंद देश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने बताया कि विदेशों में अपने प्रवास और विभिन्न देशों के लोगों से बातचीत के दौरान उन्हें भारत के प्रति बढ़ती अपेक्षाओं का अनुभव हुआ।भागवत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव के बावजूद भारत सभी के प्रति सद्भावना रखता है। भारत उन देशों की भी सहायता करता है, जो उसकी मदद नहीं करते। उन्होंने कॉमनवेल्थ से जुड़े लोगों के साथ हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने भारत से इस संगठन का नेतृत्व करने की अपेक्षा जताई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि इस संबंध में क्या निर्णय लेना है, यह देश के नीति निर्धारकों का विषय है।
डॉ. हेडगेवार की सोच से शुरू हुई संघ की कार्यपद्धति
संघ प्रमुख ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन और विचारों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि हेडगेवार स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े रहे और उन्होंने समाज सुधार तथा सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।भागवत के अनुसार, डॉ. हेडगेवार ने महसूस किया था कि अलग-अलग समस्याओं को लेकर होने वाले आंदोलनों से कुछ मुद्दों का समाधान तो हो सकता है, लेकिन समाज की बुनियादी कमजोरियों को दूर करने के लिए संगठित सामाजिक शक्ति जरूरी है। इसी सोच के आधार पर संघ की कार्यपद्धति विकसित हुई।
जयप्रकाश नारायण भी संघ के स्वयंसेवकों से हुए थे प्रभावित
मोहन भागवत ने दिल्ली में आयोजित एक पुराने संघ शिविर का उल्लेख करते हुए बताया कि वहां लोकनायक जयप्रकाश नारायण भी पहुंचे थे। शिविर में स्वयंसेवकों की व्यवस्था, अनुशासन और कम खर्च में किए जा रहे कार्यों को देखकर वे प्रभावित हुए थे।भागवत के मुताबिक, जयप्रकाश नारायण ने स्वयंसेवकों से पूछा था कि वे बिना किसी व्यक्तिगत लाभ और प्रशंसा के वर्षों तक लगातार काम कैसे करते हैं। इस पर एक कार्यकर्ता ने जवाब दिया था कि समाज का दुख ही उनकी प्रेरणा है। भागवत ने कहा कि समाज में अपनेपन और एक-दूसरे के प्रति संवेदना के बिना ऐसा समर्पण संभव नहीं है।
समाज को जोड़ने के लिए सद्भावना सबसे जरूरी
संघ प्रमुख ने कहा कि समाज केवल कानून और सरकारी व्यवस्थाओं के सहारे नहीं चलता, बल्कि उसके मजबूत बने रहने के लिए आपसी विश्वास और सद्भावना आवश्यक है। कानून और व्यवस्थाएं समाज को सहयोग जरूर देती हैं, लेकिन लोगों के बीच अपनत्व की भावना सबसे महत्वपूर्ण होती है।उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष में सद्भावना बैठकों का आयोजन किया गया और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियां जारी रहेंगी। उनका उद्देश्य समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच संवाद बढ़ाना और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना मजबूत करना है।
दुनिया को हिंदू समाज की एकता और सह-अस्तित्व से उम्मीद
मोहन भागवत ने एक अंतरराष्ट्रीय इंटरफेथ बैठक का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि एक आर्चबिशप ने उन्हें अपने यहां आमंत्रित करते हुए कहा था कि उनके क्षेत्र में धार्मिक मतभेदों के कारण विवाद होते हैं। ऐसे में वे भारत से यह सीखना चाहते हैं कि अलग-अलग पंथों के लोग आपसी सम्मान और सहनशीलता के साथ कैसे रह सकते हैं।भागवत ने कहा कि संघ की कार्यपद्धति निस्वार्थ सेवा, अनुशासन और समाज के प्रति जिम्मेदारी पर आधारित है। स्वयंसेवक बिना किसी व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा के लंबे समय तक समाज के लिए काम करते हैं।
निंदा और प्रशंसा से ऊपर उठकर लक्ष्य पर ध्यान देने की अपील
मोहन भागवत ने कहा कि संघ का उद्देश्य सत्य और न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ना है। किसी की प्रशंसा या आलोचना से प्रभावित हुए बिना अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। उन्होंने संस्कृत श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि धैर्यवान व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में भी न्याय के मार्ग से विचलित नहीं होते।
अंत में उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का उद्देश्य केवल भौतिक सुख-सुविधाओं तक सीमित नहीं है। देश का दायित्व अपने जीवन मूल्यों और धर्म आधारित कर्तव्य भावना के जरिए दुनिया का कल्याण करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज की एकता, सेवा और सामूहिक पुरुषार्थ के बल पर भारत फिर से विश्वगुरु के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर सकता है।

