Javed Akhtar : देश में परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। इसी बीच मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर ने केंद्र सरकार के प्रस्ताव पर सवाल खड़े किए हैं। एक कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि परिसीमन की पूरी योजना अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। जब तक यह स्पष्ट नहीं होता कि नए निर्वाचन क्षेत्र किस आधार पर बनाए जाएंगे और उनकी सीमाएं कैसे निर्धारित होंगी, तब तक इस पर कोई अंतिम राय बनाना उचित नहीं होगा।
लोकसभा सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के फॉर्मूले पर सवाल
जावेद अख्तर ने लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी के प्रस्ताव को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर यह बढ़ोतरी किस आधार पर की जाएगी और इसका वास्तविक गणित क्या होगा।उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि 100 सीटों में 50 फीसदी वृद्धि होती है तो 50 सीटें बढ़ेंगी, जबकि 500 सीटों में इतनी ही वृद्धि करने पर 250 सीटें बढ़ जाएंगी। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि सरकार किस संख्या को आधार बनाकर यह फैसला कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव की विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही इसके राजनीतिक और संवैधानिक प्रभावों का आकलन किया जा सकेगा।

महिला आरक्षण के साथ परिसीमन जोड़ने पर जताई आपत्ति
जावेद अख्तर ने महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ने के सरकार के फैसले पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के लिए पहले से अलग विधेयक मौजूद था और विपक्ष की कई बड़ी पार्टियां भी इसका समर्थन कर चुकी थीं। ऐसे में परिसीमन को इसके साथ जोड़ने की जरूरत क्यों पड़ी?उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण को आगे रखकर परिसीमन का प्रस्ताव ला रही है। अख्तर के मुताबिक, यदि सरकार की मंशा साफ है तो महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग करके लागू करने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महिलाओं को आगे कर दिया गया है और उनके पीछे से परिसीमन लाया जा रहा है।

शिक्षा और आरक्षण पर भी जावेद अख्तर ने रखी राय
बातचीत के दौरान जावेद अख्तर ने शिक्षा और आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश के प्रत्येक बच्चे को समान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने का अवसर मिलना चाहिए। गरीब, ग्रामीण और दलित परिवारों के बच्चों को भी वही सुविधाएं मिलनी चाहिए, जो बड़े शहरों के संपन्न परिवारों के बच्चों को उपलब्ध हैं।उन्होंने 100 मीटर की दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि एक बच्चे को शुरुआत में ही 100 गज आगे खड़ा कर दिया जाए और दूसरा पीछे रहे, तो दोनों के बीच मुकाबला बराबरी का कैसे होगा? उनके अनुसार, निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के लिए पहले सभी को समान अवसर देना जरूरी है।
शिक्षा पर सवाल उठाने वालों को राष्ट्रविरोधी कहना गलत
जावेद अख्तर ने कहा कि शिक्षा को बेहतर और सभी के लिए सुलभ बनाने की मांग करना किसी भी तरह राष्ट्रविरोधी गतिविधि नहीं है। लोकतंत्र में सरकार की नीतियों पर सवाल उठाना और शिक्षा में समानता की बात करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है।

कैबिनेट ने तीन विधेयकों को दी मंजूरी
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित तीन विधेयकों को मंजूरी दी है। इनमें संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 और केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव शामिल है। इन विधेयकों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश करने की तैयारी है।
लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव
प्रस्तावित योजना के तहत सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रावधान रखा गया है। इसके लागू होने पर लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 हो सकती है। इनमें 815 सदस्य राज्यों और 35 सदस्य केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसका उद्देश्य संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है।
2011 की जनगणना के आधार पर होगा परिसीमन
परिसीमन के आधार को लेकर भी सरकार और विपक्ष के बीच मतभेद हैं। केंद्र सरकार ने निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन और एससी-एसटी के लिए आरक्षित सीटें निर्धारित करने में 2011 की जनगणना को आधार बनाने का प्रस्ताव रखा है। वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे के लिए 1971 की जनगणना के आंकड़ों को 2051 तक बरकरार रखने की बात कही गई है।विपक्ष महिला आरक्षण का समर्थन कर रहा है, लेकिन उसे परिसीमन से जोड़ने का विरोध कर रहा है। विपक्ष की मांग है कि परिसीमन की प्रक्रिया नवीनतम जनगणना के आंकड़ों के आधार पर हो। अब संसद के विशेष सत्र में इस मुद्दे पर होने वाली चर्चा और राजनीतिक दलों का रुख काफी अहम माना जा रहा है।

