DMK Delimitation Bill Support : संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार इस विधेयक को संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है। इसी बीच शनिवार शाम डीएमके सांसद कनिमोझी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात में डीएमके के अन्य वरिष्ठ सांसद भी मौजूद रहे। बैठक को परिसीमन विधेयक पर पार्टी के रुख के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
DMK प्रतिनिधिमंडल में शामिल रहे ये चार वरिष्ठ सांसद
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे डीएमके प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कनिमोझी ने किया। उनके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद ए राजा, दयानिधि मारन तथा टीआर बालू भी मौजूद थे। इस मुलाकात के बाद कनिमोझी ने मीडिया से बातचीत में परिसीमन विधेयक को लेकर पार्टी का रुख स्पष्ट किया।

कनिमोझी बोलीं- हमारी सभी मांगें विधेयक में शामिल
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान कनिमोझी ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि सरकार ने विधेयक में डीएमके की ओर से पहले उठाई गई सभी प्रमुख मांगों को शामिल किया है।उन्होंने बताया कि पार्टी ने पिछली बार संसद में चर्चा के दौरान और उससे पहले भी परिसीमन को लेकर अपनी चिंताएं और सुझाव रखे थे। अब सरकार के प्रस्ताव में उन सभी मांगों को जगह दी गई है। इसी आधार पर डीएमके ने विधेयक के समर्थन का निर्णय लिया है।

2024 में विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर चुकी है DMK
कनिमोझी ने कहा कि परिसीमन को लेकर डीएमके का रुख पहले से स्पष्ट रहा है। वर्ष 2024 में तमिलनाडु की डीएमके सरकार ने इस मुद्दे पर विधानसभा में प्रस्ताव भी पारित किया था। पार्टी लगातार मांग कर रही थी कि परिसीमन की प्रक्रिया में तमिलनाडु और दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।उनके मुताबिक, पार्टी ने जो मुद्दे पहले उठाए थे, उन्हें अब प्रस्तावित विधेयक का हिस्सा बना दिया गया है। यही कारण है कि डीएमके ने इस बार सरकार के प्रस्ताव के साथ खड़े होने का फैसला किया है।
अगले 25 वर्षों तक परिसीमन पर रोक की मांग भी स्वीकार
कनिमोझी ने मुलाकात के बाद एक महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि डीएमके ने अगले 25 वर्षों तक परिसीमन पर रोक लगाने की मांग की थी। पार्टी का मानना था कि राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन बनाए रखने के लिए इस तरह की सुरक्षा जरूरी है।उन्होंने दावा किया कि उनकी यह मांग भी विधेयक में शामिल कर ली गई है। कनिमोझी ने कहा कि डीएमके ने जो कुछ भी सरकार के सामने रखा था, उसे स्वीकार कर लिया गया है। इसलिए पार्टी ने विधेयक का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

परिसीमन पर संसद में बढ़ सकती है राजनीतिक हलचल
गौरतलब है कि परिसीमन विधेयक को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार बहस चल रही है। विपक्ष के कुछ दल महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए भी परिसीमन की प्रक्रिया और उसके आधार पर सवाल उठा रहे हैं। वहीं डीएमके के समर्थन से इस मुद्दे पर राजनीतिक समीकरण में बदलाव देखने को मिल सकता है।
अब संसद के विशेष सत्र में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार विधेयक को किस तरह पेश करती है और अन्य राजनीतिक दल इस पर क्या रुख अपनाते हैं। कनिमोझी और अमित शाह की मुलाकात के बाद डीएमके का समर्थन सरकार के लिए अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।

