EPFO SWP Scheme : नौकरी से रिटायर होने के बाद सबसे बड़ी चिंता जमा पूंजी को सुरक्षित रखने और नियमित आमदनी बनाए रखने की होती है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) नई योजना लाने की तैयारी कर रहा है। इसका नाम नियमित किस्त निकासी योजना यानी SWP (Systematic Withdrawal Plan) बताया जा रहा है। इसके तहत रिटायरमेंट के बाद कर्मचारी अपने PF खाते से हर महीने या तय अंतराल पर पैसा निकाल सकेंगे। प्रस्ताव का उद्देश्य यह है कि सदस्यों को नियमित आय मिले और खाते में बची रकम पर ब्याज मिलता रहे।
₹10 लाख जमा होने पर कैसे मिल सकते हैं ₹7,000?
EPFO प्रमुख और केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त रमेश कृष्णमूर्ति ने इस योजना को उदाहरण के जरिए समझाया है। मान लीजिए किसी कर्मचारी के रिटायरमेंट के समय PF खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं। मौजूदा 8.25 प्रतिशत सालाना ब्याज दर के हिसाब से इस रकम पर एक साल में 82,500 रुपये ब्याज मिलेगा। इसे 12 महीनों में बांटने पर औसतन करीब 6,875 रुपये प्रतिमाह होते हैं, यानी लगभग 7,000 रुपये।

इस तरह सदस्य ब्याज के बराबर रकम निकाल सकता है और 10 लाख रुपये की मूल जमा राशि खाते में बनी रह सकती है। यदि कोई व्यक्ति हर महीने केवल 5,000 रुपये निकालता है, तो सालाना ब्याज का बचा हुआ हिस्सा यानी 22,500 रुपये मूलधन में जुड़ सकता है। इससे आगे ब्याज की गणना बढ़ी हुई रकम पर होगी।

मासिक ही नहीं, तिमाही और सालाना निकासी का विकल्प
प्रस्तावित SWP योजना में सदस्य अपनी जरूरत के अनुसार निकासी की अवधि चुन सकेंगे। इसमें मासिक, तिमाही, छमाही या सालाना किस्त लेने का विकल्प शामिल हो सकता है। खाते में बची रकम पर PF की लागू ब्याज दर के अनुसार ब्याज मिलता रहेगा। हालांकि, योजना के अंतिम नियम और शर्तें आधिकारिक अधिसूचना के बाद ही स्पष्ट होंगी।
टैक्स छूट के लिए नियमों में बदलाव का प्रस्ताव
EPFO प्रमुख के मुताबिक, किस्तों में निकाली जाने वाली रकम को टैक्स छूट के दायरे में रखने का प्रस्ताव है। मौजूदा आयकर नियमों में PF पर टैक्स छूट कर्मचारी और नियोक्ता के संबंध से जुड़ी शर्तों के अधीन है। रिटायरमेंट के बाद यह संबंध समाप्त हो जाता है। इसलिए EPFO ने श्रम मंत्रालय को नियमों में बदलाव का प्रस्ताव भेजा है। श्रम मंत्रालय इस विषय पर वित्त मंत्रालय से चर्चा कर रहा है। योजना के 1 अप्रैल से लागू होने की उम्मीद जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि अंतिम मंजूरी और अधिसूचना के बाद होगी।

55 साल से अधिक उम्र के सदस्यों को मिल सकता है फायदा
शुरुआती चरण में 55 साल से अधिक उम्र के करीब 6.32 लाख ऐसे सदस्यों को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके PF खातों में पांच लाख रुपये से अधिक जमा हैं। योजना का मकसद रिटायरमेंट के बाद एकमुश्त रकम खर्च होने से बचाना और नियमित आमदनी का विकल्प देना है। सदस्य की मृत्यु होने पर नॉमिनी को पूरी रकम एक साथ या किस्तों में लेने का विकल्प देने का प्रस्ताव भी बताया गया है।
PF निकासी के नियमों में भी किए गए बदलाव
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) की 240वीं बैठक में PF निकासी से जुड़े नियमों को आसान बनाने का फैसला लिया गया। इसके तहत खाते में अनिवार्य रूप से रखी जाने वाली न्यूनतम राशि 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत कर दी गई है। यानी पात्रता और लागू शर्तों के अनुसार सदस्य 90 प्रतिशत तक रकम निकाल सकेंगे।इसके अलावा, PF की पूरी राशि निकालने के लिए जरूरी प्रतीक्षा अवधि 12 महीने से घटाकर दो महीने कर दी गई है। इन बदलावों से EPFO के करीब आठ करोड़ सदस्यों को राहत मिलने की उम्मीद है।
Read more : Sonam Wangchuk Protest : सोनम वांगचुक ने पीस बॉन्ड पर उठाए सवाल, एलजी प्रशासन से मांगा जवाब

