Google Mirror Dimension: मार्वल फिल्म ‘डॉक्टर स्ट्रेंज’ में दिखाए गए मिरर डाइमेंशन की तरह गूगल ने भी एक ऐसी डिजिटल दुनिया तैयार की है, जहां एआई एजेंट बिना वास्तविक इंटरनेट को नुकसान पहुंचाए अपनी क्षमताओं का परीक्षण कर सकते हैं। गूगल की क्रोम एआई सिक्योरिटी टीम ने इस खास प्रोजेक्ट का खुलासा किया है। इसे असली इंटरनेट की विशाल और सिंथेटिक कॉपी के रूप में तैयार किया गया है।
इसका मुख्य उद्देश्य जेमिनी आधारित क्रोम के ‘ऑटो ब्राउज’ फीचर को प्रशिक्षित करना और उसकी सुरक्षा जांचना है। यह स्वायत्त एआई एजेंट यूजर्स के लिए इंटरनेट पर रोजमर्रा के काम खुद कर सकता है। मिरर डाइमेंशन में एजेंट को वेबसाइट खोलने, अलग-अलग विकल्प चुनने और अन्य गतिविधियों का अभ्यास करने का मौका मिलता है। इस दौरान किसी असली वेबसाइट या यूजर के निजी डेटा को नुकसान पहुंचने का खतरा नहीं रहता।

आखिर गूगल को नकली इंटरनेट बनाने की जरूरत क्यों पड़ी?
एआई एजेंट को सीधे लाइव इंटरनेट पर प्रशिक्षण देना कई तरह के जोखिम पैदा कर सकता है। वास्तविक वेबसाइटों का कंटेंट और उनका डिजाइन लगातार बदलता रहता है। ऐसे में एक जैसी परिस्थितियों में बार-बार परीक्षण करना मुश्किल होता है। इसके अलावा, एआई एजेंट की गलती से गलत खरीदारी, अकाउंट में अनचाहा बदलाव या संवेदनशील जानकारी से जुड़ी समस्या पैदा हो सकती है।

गूगल के सामने एक दूसरी चुनौती ‘इवैल अवेयरनेस’ यानी परीक्षण किए जाने की समझ भी है। आधुनिक एआई मॉडल कई बार पहचान लेते हैं कि वे किसी टेस्ट या सिमुलेशन में काम कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में वे सामान्य व्यवहार के बजाय ज्यादा सावधानी बरत सकते हैं। इससे सुरक्षा परीक्षण के वास्तविक नतीजे प्रभावित हो सकते हैं। इसी वजह से गूगल ने ऐसा डिजिटल वातावरण बनाया है, जो एआई को वास्तविक इंटरनेट जैसा दिखाई देता है।
असली वेबसाइट जैसा दिखता है मिरर डाइमेंशन
यह पूरा सिस्टम गूगल के सुरक्षित निजी सर्वर पर संचालित होता है। जब एआई एजेंट यूट्यूब जैसी किसी वेबसाइट को खोलने की कोशिश करता है, तो लोकल इंटरसेप्शन प्रॉक्सी उसके इंटरनेट ट्रैफिक को उस वेबसाइट की नकली कॉपी की ओर मोड़ देती है।इस प्रक्रिया के दौरान क्रोम के एड्रेस बार में वेबसाइट का असली यूआरएल दिखाई देता है। ब्राउजर की सुरक्षा चेतावनियों से बचने के लिए इंजीनियरों ने इस विशेष टेस्टिंग वातावरण में अस्थायी डिजिटल सर्टिफिकेट की व्यवस्था भी की है। गूगल के मुताबिक, यह तकनीक उसके निजी परीक्षण ढांचे तक सीमित है। परीक्षण पूरा होने के बाद वर्चुअल वातावरण को मिटा दिया जाता है।

तीन एआई एजेंट मिलकर तैयार करते हैं नकली वेबसाइटें
पूरे इंटरनेट की हूबहू नकल तैयार करना बेहद बड़ा काम है। इसके लिए गूगल ने इंसानों के बजाय तीन तरह के विशेष एआई एजेंट्स की मदद ली है।
रिसर्च एजेंट: ये किसी वेबसाइट की संरचना और जरूरी सुविधाओं का अध्ययन करते हैं। उदाहरण के लिए, शॉपिंग वेबसाइट में कार्ट या स्थानीय लिस्टिंग जैसी सुविधाओं की पहचान करते हैं।
बिल्डर एजेंट: रिसर्च के आधार पर ये वेबसाइट का कोड तैयार करते हैं, जिससे नकली पेज वास्तविक वेबसाइट की तरह काम कर सकें।
क्रिटिक एजेंट: ये क्रोम डेवलपर टूल्स की मदद से तैयार वेबसाइटों की जांच करते हैं। बटन और दूसरे विकल्पों को आजमाते हैं, स्क्रीनशॉट लेते हैं और कमियों की रिपोर्ट तैयार करते हैं। इसके आधार पर वेबसाइट में सुधार किया जाता है।
इनडायरेक्ट प्रॉम्प्ट इंजेक्शन से बचाने की तैयारी
मिरर डाइमेंशन का एक अहम इस्तेमाल ‘इनडायरेक्ट प्रॉम्प्ट इंजेक्शन’ जैसे साइबर हमलों की जांच करना भी है। इस तरह के हमलों में हैकर किसी वेबसाइट के टेक्स्ट, तस्वीर या HTML कोड के भीतर छिपे निर्देश डाल सकते हैं। इनका मकसद एआई एजेंट को भ्रमित करके उससे अनधिकृत काम करवाना या उसके व्यवहार को अपने नियंत्रण में लेना होता है।गूगल के शुरुआती परीक्षणों में एआई एजेंट कुछ संदिग्ध यूआरएल पैरामीटर देखकर हमले पहचानने लगा था। इसके बाद इंजीनियरों ने छिपे हुए निर्देशों को अदृश्य HTTP हेडर्स में रखने जैसे तरीके भी आजमाए। इससे एआई के लिए खतरे को पहचानना और सुरक्षित तरीके से काम करना अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया।
एआई सुरक्षा के लिए अहम कदम
गूगल का यह प्रयोग दिखाता है कि भविष्य में एआई एजेंट्स को सुरक्षित बनाने के लिए केवल उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना पर्याप्त नहीं होगा। उन्हें इंटरनेट पर मौजूद छिपे निर्देशों, धोखाधड़ी और साइबर हमलों से बचाने की क्षमता भी विकसित करनी होगी। मिरर डाइमेंशन इसी दिशा में एक सुरक्षित परीक्षण मंच उपलब्ध कराता है।

