Rajim Kumbh 2026 : छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर और निर्वाण पीठाधीश्वर परम पूज्य स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने महाराजश्री को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को सनातन धर्म और आध्यात्मिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। स्वामी विशोकानंद भारती महाराज 74 वर्ष की आयु में नई दिल्ली में ब्रह्मलीन हो गए। उनके निधन की खबर से देशभर के संतों, शिष्यों और श्रद्धालुओं में शोक की लहर है।
सनातन धर्म और वैदिक संस्कृति के प्रचार में रहा अहम योगदान
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वामी विशोकानंद भारती महाराज का पूरा जीवन सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, वैदिक संस्कृति के संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना के विस्तार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने मानव कल्याण को अपने जीवन का प्रमुख उद्देश्य बनाया। महाराजश्री का तप, त्याग, सादगी, विद्वता और सेवाभाव समाज के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनके आध्यात्मिक विचारों और आदर्शों ने लोगों को धर्म, सदाचार, सेवा, मानवता और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

राजिम कुंभ से था महाराजश्री का विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव
मंत्री अग्रवाल ने स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के छत्तीसगढ़ से आत्मीय संबंधों को याद करते हुए कहा कि महाराजश्री प्रतिवर्ष राजिम कुंभ में शामिल होने आते थे। छत्तीसगढ़ के प्रयागराज के नाम से प्रसिद्ध राजिम में उनके आगमन से धार्मिक आयोजन की आध्यात्मिक गरिमा बढ़ती थी। इस दौरान वे श्रद्धालुओं को अपना सानिध्य और आशीर्वाद प्रदान करते थे। उनकी अमृतमयी वाणी और आध्यात्मिक मार्गदर्शन से प्रदेश के हजारों श्रद्धालु लाभान्वित होते रहे। मंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ में महाराजश्री के सानिध्य और आशीर्वाद की कमी हमेशा महसूस होगी।

काशी की आचार्य परंपरा के छठवें संत थे स्वामी विशोकानंद भारती
स्वामी विशोकानंद भारती महाराज का देश के संत समाज में अत्यंत सम्मानजनक स्थान था। वे काशी स्थित गोविंद मठ की आचार्य परंपरा के छठवें संत थे। 24 मार्च 2014 को काशी में विधि-विधान के साथ उनका आचार्य महामंडलेश्वर के रूप में पट्टाभिषेक किया गया था। वे सनातन धर्म की प्रमुख 13 अखाड़ा परंपराओं में शामिल श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के आचार्य महामंडलेश्वर के रूप में धर्म और संस्कृति की सेवा में सक्रिय रहे। बीकानेर राजघराने के राजगुरु के रूप में भी उनकी विशेष पहचान थी।
सात शिक्षण संस्थानों के माध्यम से वैदिक शिक्षा को दिया बढ़ावा
महाराजश्री ने हरिद्वार, बीकानेर और गुजरात में स्थित अपने आश्रमों के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना के प्रसार और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। गुजरात और पंजाब में गुरुकुल पद्धति पर आधारित सात शिक्षण संस्थाओं के संचालन के जरिए उन्होंने नई पीढ़ी को वैदिक शिक्षा और भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ने का प्रयास किया। हरिद्वार में सोमेश्वर धाम की स्थापना भी उनके उल्लेखनीय आध्यात्मिक कार्यों में शामिल है। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को धर्म और संस्कृति के प्रति जागरूक करती रहेंगी।

महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिन का शोक, आज होगा समाधि संस्कार
स्वामी विशोकानंद भारती महाराज के ब्रह्मलीन होने पर महानिर्वाणी अखाड़े में 16 दिनों और जूना अखाड़े में तीन दिनों के शोक की घोषणा की गई है। राजस्थान के बीकानेर स्थित राजगुरु मठ में 29 नवंबर को उनका समाधि संस्कार निर्धारित किया गया है। उनके निधन से धार्मिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में एक बड़ी रिक्तता पैदा हुई है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने की पुण्यात्मा की शांति की प्रार्थना
मंत्री राजेश अग्रवाल ने भगवान श्री राजीव लोचन और भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि वे ब्रह्मलीन संत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। साथ ही संत समाज, शिष्यों और श्रद्धालुओं को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि महाराजश्री भले ही अब हमारे बीच शारीरिक रूप से मौजूद नहीं हैं, लेकिन उनकी पावन शिक्षाएं, आध्यात्मिक विरासत और आशीर्वाद सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

