Delimitation Bill 2026 : संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी कर सभी सदस्यों को चार दिनों तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। पार्टी ने सांसदों को 30 नवंबर, 1 दिसंबर, 2 दिसंबर और 3 दिसंबर को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने को कहा है। कांग्रेस संसदीय दल के मुख्य सचेतक कोडिकुन्निल सुरेश ने 29 नवंबर को यह व्हिप जारी किया। इसमें स्पष्ट किया गया है कि सभी सांसद दिल्ली में रहें और सदन में पार्टी के निर्देशों का पालन करें।
तीन अहम विधेयकों पर होगी चर्चा और मतदान
कांग्रेस की ओर से जारी व्हिप के मुताबिक, 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक लोकसभा में तीन महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा और मतदान प्रस्तावित है। इनमें संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2026, केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 शामिल हैं। इन विधेयकों को लेकर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस ने अपने सांसदों को इन सभी महत्वपूर्ण कार्यवाही में हिस्सा लेने के लिए तैयार रहने को कहा है।

कांग्रेस ने सांसदों को पार्टी के रुख के समर्थन का दिया निर्देश
व्हिप में कांग्रेस ने सभी लोकसभा सांसदों को चारों दिन सदन में मौजूद रहकर पार्टी के आधिकारिक रुख का समर्थन करने का निर्देश दिया है। पार्टी ने इस आदेश को ‘MOST IMPORTANT’ यानी बेहद महत्वपूर्ण बताया है। दरअसल, कांग्रेस परिसीमन विधेयक का विरोध कर रही है। पार्टी का मानना है कि इस विधेयक को लेकर संसद में गंभीर चर्चा और राजनीतिक जवाबदेही जरूरी है। ऐसे में विधेयक पर चर्चा और मतदान के दौरान अपने सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। पार्टी के सांसदों से उम्मीद है कि वे मतदान के समय भी एकजुट होकर पार्टी के फैसले के अनुरूप अपना रुख रखेंगे।

शिवसेना यूबीटी ने भी सांसदों के लिए जारी किया व्हिप
परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस के अलावा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी अपने लोकसभा सांसदों को व्हिप जारी किया है। पार्टी के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने सांसदों को 29 नवंबर 2026 को शाम चार बजे संसदीय दल के कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। इस संबंध में जारी पत्र में कहा गया है कि बैठक संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 पर विचार-विमर्श करने के लिए बुलाई गई है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि सभी सांसदों की उपस्थिति अनिवार्य है।
संसद के विशेष सत्र में तय होगी विपक्ष की रणनीति
केंद्र सरकार की ओर से 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। इसी सत्र में इन महत्वपूर्ण विधेयकों को सदन में पेश किए जाने की तैयारी है। शिवसेना यूबीटी की बैठक में विधेयकों को लेकर पार्टी की रणनीति, विरोध का तरीका और सदन में अपनी बात रखने की योजना पर चर्चा होगी। पार्टी ने विधायी मुद्दों की गंभीरता और तात्कालिकता को देखते हुए सभी सांसदों को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया है।

परिसीमन विधेयक पर विपक्ष की एकजुटता की परीक्षा
परिसीमन विधेयक को लेकर कांग्रेस और शिवसेना यूबीटी की सक्रियता से संसद के विशेष सत्र में विपक्ष की रणनीति महत्वपूर्ण हो गई है। दोनों दलों ने अपने सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए व्हिप जारी किया है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि सदन में विधेयकों पर चर्चा और मतदान के दौरान विपक्ष किस तरह अपना विरोध दर्ज कराता है और सरकार के सामने कौन से राजनीतिक सवाल उठाता है।

