Atmanand schools recruitment : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में लंबे समय से अटकी संविदा भर्ती प्रक्रिया आखिरकार दो साल बाद दोबारा शुरू हो गई है। यह प्रक्रिया पहले 27 सितंबर 2023 को शुरू हुई थी, लेकिन बीच में रोक दी गई थी। अब मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश के बाद इसे फिर से बहाल किया गया है। अब 73 पदों पर होगी भर्ती, पहले थे 71 इस बार भर्ती प्रक्रिया में कुछ बदलाव किए गए हैं। पहले जहां 71 पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे, अब इसे बढ़ाकर 73 पद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने 5 नए पद जोड़े हैं और 3 पदों को समाप्त किया है। साथ ही, पहले भर्ती 27 स्कूलों के लिए होनी थी, लेकिन अब 26 स्कूलों में भर्ती की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन की तारीखें घोषित 11 अगस्त को दस्तावेज सत्यापन होंगे: ➤ व्याख्याता (भौतिकी) ➤ शिक्षक (अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान) ➤ प्रधान पाठक ➤ व्यायाम शिक्षक 12 अगस्त को सत्यापन होंगे: ➤ सहायक शिक्षक ➤ सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) स्थान: सत्यापन का कार्य स्वामी आत्मानंद शहीद स्मारक शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मौदहापारा में आयोजित होगा। रायपुर में 36 आत्मानंद स्कूल, 26 में होगी नियुक्ति रायपुर जिले में कुल 36 आत्मानंद स्कूल संचालित हैं, लेकिन इस भर्ती प्रक्रिया के तहत 26 स्कूलों में ही शिक्षकों की नियुक्ति की जा रही है। भौतिकी विषय में बढ़े सबसे ज़्यादा पद सबसे बड़ा बदलाव भौतिकी विषय में किया गया है। इस विषय के 5 नए व्याख्याता पद जोड़े गए हैं। वहीं, सरोना स्कूल में गणित विषय और लालपुर व अभनपुर स्कूलों के अंग्रेजी शिक्षक के पदों को रद्द कर दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद मिली राहत पिछले दो वर्षों से भर्ती प्रक्रिया के अटके रहने से आवेदक अभ्यर्थी और स्कूलों की प्रशासनिक व्यवस्था दोनों ही प्रभावित हो रही थी। अब भर्ती बहाल होने से योग्य शिक्षकों को नियुक्ति मिलने की उम्मीद जगी है, वहीं स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है। Read More : Bhupesh Baghel allegation : छत्तीसगढ़ में वोटर लिस्ट पर घमासान, भूपेश बघेल का आरोप, अजय चन्द्राकर ने की पुनर्निरीक्षण की मांग














