Yash Dayal Controversy: भारतीय क्रिकेट जगत में एक और विवाद ने जोर पकड़ लिया है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के तेज गेंदबाज यश दयाल अब कानूनी शिकंजे में फंसते नजर आ रहे हैं। उन पर एक 17 साल की नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का गंभीर आरोप लगा है, जिसके बाद न केवल उनकी गिरफ्तारी की आशंका बनी हुई है, बल्कि उनके क्रिकेट करियर पर भी गहरा संकट मंडरा रहा है।

यूपी T20 लीग से बाहर
यश दयाल को यूपी T20 लीग 2025 में गोरखपुर लायंस ने 7 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन अब यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) ने उन्हें इस लीग से बाहर कर दिया है। UPCA का यह फैसला जयपुर के सांगानेर सदर पुलिस स्टेशन में दर्ज बलात्कार के केस के बाद लिया गया है। बताया जा रहा है कि यश दयाल अब इस सीजन में लीग का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

RCB के लिए किया था शानदार प्रदर्शन
यश दयाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में RCB की ओर से खेले थे और उन्होंने इस सीजन में 15 मैचों में 13 विकेट चटकाए थे। उनकी गेंदबाजी ने RCB की ट्रॉफी जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उनका भविष्य अधर में लटका हुआ दिखाई दे रहा है।
हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत
राजस्थान हाई कोर्ट से यश दयाल को इस मामले में कोई राहत नहीं मिली है। कोर्ट ने गिरफ्तारी पर स्टे देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने स्पष्ट कहा है कि यह मामला एक नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए कोई भी अंतरिम राहत नहीं दी जा सकती। अब इस मामले की अगली सुनवाई 22 अगस्त को होगी।
पहले भी दर्ज हो चुका है केस
इससे पहले यश दयाल के खिलाफ गाजियाबाद में भी एक केस दर्ज किया गया था, जिसमें एक महिला ने उन पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया था। उस मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी। लेकिन जयपुर केस में उन्हें राहत नहीं मिल पाई है।
यश दयाल की यह स्थिति क्रिकेट प्रेमियों के लिए चौंकाने वाली है। एक क्रिकेटर का नाम इस तरह के गंभीर आरोपों में आना न केवल उसके करियर बल्कि भारतीय क्रिकेट की छवि पर भी असर डालता है। अब देखना होगा कि 22 अगस्त को कोर्ट में क्या फैसला होता है और यश दयाल का आगे का रास्ता क्या मोड़ लेता है।










