Gallantry Awards India :स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर में अद्वितीय साहस और शौर्य का परिचय देने वाले 86 सुरक्षाबलों के जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। इन पुरस्कारों में वायुसेना, थलसेना, BSF और पुलिस बलों के जवान शामिल हैं, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की बाज़ी लगाकर उल्लेखनीय योगदान दिया। वायुसेना के जांबाज़ पायलटों को वीर चक्र भारतीय वायुसेना के 52 जवानों को इस बार वीरता पुरस्कार से नवाज़ा गया है। खास बात यह है कि 9 ऑफिसरों को वीर चक्र से सम्मानित किया गया है, जो परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद तीसरा सबसे बड़ा सैन्य सम्मान है। यह पुरस्कार उन फाइटर पायलटों को दिया गया है जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के बहावलपुर और मुरीदके में स्थित आतंकी शिविरों को ध्वस्त किया। इसके अलावा: 13 वायुसेना अधिकारियों को युद्ध सेवा मेडल 26 ऑफिसर और वायुसैनिकों को वायु सेना मेडल वाइस चीफ ऑफ एयर स्टाफ, एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी समेत 4 वरिष्ठ अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक दिया गया है। भारतीय सेना को मिला गर्व का सम्मान भारतीय थलसेना के 18 जवानों को वीरता मेडल से नवाज़ा गया है। इसके अतिरिक्त: 2 वरिष्ठ आर्मी अधिकारियों को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक 4 कीर्ति चक्र, 4 वीर चक्र और 8 शौर्य चक्र भी दिए गए हैं। यह सभी पुरस्कार सीमाओं पर अदम्य साहस और आतंकी ठिकानों के खात्मे में दिए योगदान के लिए प्रदान किए गए हैं। BSF के 16 जवानों को मिला गैलेंट्री अवॉर्ड भारत-पाकिस्तान सीमा और LoC की रक्षा करने वाली देश की प्रथम सुरक्षा पंक्ति BSF (सीमा सुरक्षा बल) के 16 जवानों को वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान BSF के दो जवान शहीद हुए और सात घायल हुए, लेकिन उन्होंने मिशन की सफलता में अहम भूमिका निभाई। पुलिस और अर्धसैनिक बलों को भी वीरता सम्मान जम्मू-कश्मीर पुलिस के 128 पुलिसकर्मी CRPF के 20, छत्तीसगढ़ पुलिस के 14 जवानों को वीरता पदक प्रदान किया गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार, इस बार केंद्रीय और राज्य पुलिस बलों के 1090 जवानों को सेवा पदक दिए गए हैं, जिनमें: 233 को वीरता पदक 99 को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक 758 को उत्कृष्ट सेवा पदक शामिल हैं। इनमें फायर सर्विस, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़े अधिकारी भी शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस को सर्वाधिक वीरता सम्मान इस वर्ष जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे अधिक 152 वीरता पदक मिले हैं, जो इस क्षेत्र में जारी सुरक्षा अभियानों में उनके योगदान को दर्शाता है। ऑपरेशन सिंदूर में हिस्सा लेने वाले जवानों की यह वीरता न केवल देश की रक्षा में उनके समर्पण को दर्शाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा भी देती है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भारत इन असली हीरोज़ को सलाम करता है, जिनकी बहादुरी और बलिदान ने देश को गौरवान्वित किया है। Read More : Cloudburst Kishtwar: किश्तवाड़ में बादल फटने से मचा हाहाकार, मचैल माता यात्रा के पहले पड़ाव पर 38 की मौत
















