Chhattisgarh BJYM : छत्तीसगढ़ भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) में लंबे इंतजार के बाद आखिरकार नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी होने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा 25 अगस्त को रायपुर स्थित एकात्म परिसर में शपथ लेंगे। इसके साथ ही संगठन विस्तार और नई टीम की घोषणा का रास्ता भी साफ हो जाएगा।

शपथ के बाद होगी कार्यकारिणी का विस्तार
भाजयुमो पदाधिकारियों के मुताबिक, अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के शपथ ग्रहण समारोह के बाद सितंबर के पहले हफ्ते तक कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा। इस टीम में बड़ी संख्या में नए और युवा चेहरों को शामिल करने की तैयारी है। भाजपा की रणनीति साफ है कि नगरीय निकाय चुनाव और 2028 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर युवा मोर्चा की नई टीम बनाई जाए। यही कारण है कि ऐसे चेहरों को जगह मिलेगी, जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हों, युवाओं से सीधा संवाद कर सकें और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की क्षमता रखते हों।

आधे से ज्यादा नए चेहरे
पिछले एक महीने से भाजपा नेतृत्व में युवा मोर्चा को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और बस्तर संभाग से नए नामों पर चर्चा की गई है। बताया जा रहा है कि नई टीम में आधे से ज्यादा सदस्य पहली बार कार्यकारिणी में शामिल होंगे। वहीं, कई जिलों में पुराने पदाधिकारियों को दूसरी जिम्मेदारी देकर संगठन से मुक्त किया जाएगा। भाजपा का कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी निर्देश दिए हैं कि युवा मोर्चा की कार्यकारिणी पूरी तरह ऊर्जावान, जुझारू और जमीनी कार्यकर्ताओं पर आधारित हो। इसी वजह से छात्र राजनीति से लेकर आईटी सेल तक के कार्यकर्ताओं को शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है।
कांग्रेस को टक्कर देने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा इस बार युवाओं को सबसे आगे रखकर कांग्रेस को सीधी टक्कर देने की तैयारी में है। कांग्रेस की आईटी सेल और एनएसयूआई भी इस समय सक्रिय हैं, ऐसे में नई भाजयुमो टीम की भूमिका चुनावी राजनीति में अहम हो सकती है। 25 अगस्त को होने वाला शपथ ग्रहण समारोह छत्तीसगढ़ की राजनीति में युवाओं की नई टीम के उदय का संकेत होगा। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि राहुल टिकरिहा की अगुवाई में भाजयुमो कांग्रेस को किस हद तक चुनौती दे पाता है।
Read More : Raja Raghuwanshi murder : राजा रघुवंशी मर्डर केस, शिलॉन्ग कोर्ट ने चालान पेश करने की तय की डेडलाइन










