Varanasi teacher murder : उत्तर प्रदेश के वाराणसी से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मामूली कार पार्किंग विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब दबंगों ने सनबीम स्कूल के शिक्षक डॉ. प्रवीण झा की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना भेलूपुर थाना क्षेत्र के कबीरनगर स्थित मातृ छाया अपार्टमेंट की है। जानकारी के मुताबिक, 48 वर्षीय डॉ. प्रवीण झा गुरुवार देर रात बाजार से लौटे और अपनी कार अपार्टमेंट के बेसमेंट में पार्क कर रहे थे। इसी दौरान अपार्टमेंट के ही कुछ लोग पार्किंग को लेकर आपत्ति जताने लगे। शुरू में झा कार हटाने के लिए तैयार हो गए, लेकिन आरोपियों प्रवीण कुमार झा और आदर्श सिंह के साथ कहासुनी बढ़ गई। मामला हाथापाई तक पहुंचा और आरोपियों ने पहले शिक्षक को लात-घूंसों से पीटा।

ईंट और लोहे की रॉड से वार
देखते ही देखते विवाद जानलेवा हमला बन गया। आरोपियों ने पास में रखी ईंट से शिक्षक के सिर पर वार किया। इसके बाद एक आरोपी लोहे की रॉड ले आया और लगातार प्रवीण झा के सिर पर हमला करता रहा। जब तक शिक्षक ने दम नहीं तोड़ा, तब तक उन्हें बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर परिजन और अपार्टमेंट के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। परिजन उन्हें तत्काल लाइफ हॉस्पिटल ले गए, जहां से हालत गंभीर देख बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि सिर पर गंभीर चोटों की वजह से उनकी मौत हो चुकी है।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने रातभर दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले से ही झगड़ालू प्रवृत्ति के थे। एसीपी गौरव कुमार ने कहा कि यह घटना पूरी तरह पार्किंग विवाद से जुड़ी हुई है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि महज पार्किंग जैसी छोटी-सी बात पर किसी की जान लेना कहां तक जायज है।
परिवार और छात्रों पर गहरा सदमा
मृतक शिक्षक डॉ. प्रवीण झा शांत स्वभाव के थे और भगवानपुर स्थित सनबीम स्कूल में पढ़ाते थे। परिजनों का कहना है कि वे कभी किसी से विवाद नहीं करते थे। उनकी अचानक और दर्दनाक मौत ने परिवार के साथ-साथ छात्रों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
Read More : Chhattisgarh BJYM : छत्तीसगढ़ भाजयुमो का नया संगठन, राहुल टिकरिहा 25 अगस्त को लेंगे शपथ










