PM Modi Bihar visit : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के गया में 13 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपनी जनसभा की शुरुआत पीएम मोदी ने मगही भाषा में की और स्थानीय जनता को संबोधित करते हुए कहा, “हम अपने सब के अभिनंदन कर ही, मोक्ष आउ ज्ञान के धरती गया जी से हम सबके अभिनंदन कर ही।” उन्होंने कहा कि जनता का सेवक बनकर काम करने में उन्हें सबसे अधिक खुशी होती है।

जेल में रहकर सरकार नहीं चलेगी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीतिक विपक्ष खासकर आरजेडी पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “आरजेडी के लालटेन राज ने बिहार को लाल आतंक में जकड़ लिया था। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल गई है।” मोदी ने एक नए कानून के बारे में भी बताया, जिसमें कहा गया है कि अगर किसी मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री को 30 दिन के भीतर जमानत नहीं मिलती है तो 31वें दिन उन्हें पद छोड़ना होगा। “जेल में रहकर सरकार चलाने का कोई अधिकार नहीं है,” उन्होंने स्पष्ट किया।

पीएम आवास योजना से लाखों को घर मिला
प्रधानमंत्री मोदी ने गरीबी उन्मूलन और आवास योजना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। केवल बिहार में 38 लाख से ज्यादा घर बने हैं, जिनमें गयाजी में 2 लाख से अधिक लोगों को आवास मिला है। मोदी ने कहा, “हमने सिर्फ चारदीवारी नहीं दी, बल्कि गरीब को उसका स्वाभिमान दिया है। जब तक हर गरीब को घर नहीं मिलेगा, पीएम आवास योजना जारी रहेगी।”
इस बार की दिवाली होगी खास
पीएम मोदी ने बिहार के लोगों को आश्वासन दिया कि जो लोग अभी तक पीएम आवास योजना से वंचित हैं, उन्हें भी जल्द घर मिलेगा। उन्होंने कहा, “इस बार बिहार में दिवाली और छठ पूजा की रौनक पहले से ज्यादा होगी। पीएम आवास योजना तब तक जारी रहेगी, जब तक हर गरीब के पास पक्का घर नहीं होगा।”
गया की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का सम्मान
प्रधानमंत्री ने गया के आध्यात्मिक महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गया केवल एक शहर नहीं, बल्कि मोक्ष और ज्ञान की धरती है, जहां भगवान बुद्ध को बोधि प्राप्त हुआ। उन्होंने बिहार सरकार द्वारा गया का नाम ‘गया जी’ रखने के निर्णय की सराहना की और कहा कि डबल इंजन सरकार तेजी से यहां विकास कार्य कर रही है।
बिहार की धरती ने आतंकवाद के खिलाफ लिया संकल्प
मोदी ने कहा, “बिहार चंद्रगुप्त मौर्य और चाणक्य की धरती है। यहां लिया गया हर संकल्प सफल हुआ है।” उन्होंने कश्मीर के आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की धरती ने आतंकवाद के खिलाफ जो संकल्प लिया था, वह पूरा हो चुका है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने अपनी रक्षा नीति में नई दिशा निर्धारित की है। “अब आतंकवादी कहीं भी छिपकर सुरक्षित नहीं रह पाएंगे, भारत की मिसाइलें उन्हें दफन कर देंगी।”










