Saurabh Bhardwaj ED raid : आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के दिल्ली स्थित आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने लगभग 19 घंटे तक रेड की। इस लंबी छापेमारी के बाद ED अधिकारी वहां से चले गए। ED की टीम के निकलने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सौरभ भारद्वाज को कंधे पर उठाकर जमकर नारेबाजी की और भाजपा पर निशाना साधा।

सौरभ भारद्वाज का ED पर हमला
इस दौरान सौरभ भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “चोरों के यहां छापे मारोगे, ईमानदारों के यहां भी छापे मारोगे, तो ईमानदार कौन रहेगा? तुम देश के अंदर ईमानदारी खत्म कर रहे हो।” उन्होंने बताया कि ED से दिनभर बातचीत हुई है और उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि “अरेस्ट करना है तो कर लो, मैं दो साल जेल के लिए तैयार हूं। मैं अरविंद केजरीवाल का चेला हूं।”

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ED ने उनकी जांच में केवल दो एफिडेविट हासिल किए हैं — एक 2025 के चुनाव से और दूसरा हेल्थ डिपार्टमेंट द्वारा हाईकोर्ट में दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि ED को कोई ठोस सबूत नहीं मिला। उन्होंने आगे कहा, “मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई चौंकाने वाले खुलासे करूंगा। हो सकता है कि इसके बाद ED फिर से मेरे घर आकर मुझे अरेस्ट करे। मैं जेल जाने से नहीं डरता।” उन्होंने केंद्र सरकार और LG पर आरोप लगाया कि वे उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।
AAP नेताओं का ED की छापेमारी पर तीखा वार
दिल्ली की विपक्षी नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि ED ने सौरभ भारद्वाज के आवास पर लगभग 20 घंटे तक तलाशी ली। उनका मानना है कि यह छापेमारी केवल ध्यान भटकाने के लिए की गई है। उन्होंने कहा, “AAP की ताकत यह है कि वह कभी झुकती नहीं, इसलिए बीजेपी आप से डरती है।” AAP के अन्य नेताओं ने भी ED की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया। विधायक अमानतुल्लाह खान ने कहा, “जब सौरभ भारद्वाज वह नहीं कहा जो ED चाहता था, तो उनकी टीम चली गई।” वहीं विधायक संजीव झा ने बताया कि छापेमारी खत्म होने के बाद उन्होंने सौरभ भारद्वाज से मुलाकात की, जो अगले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।
विधायक कुलदीप कुमार ने कहा, “ED की टीम ने सौरभ भारद्वाज के आवास पर छापेमारी की, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। आप के नेता ईमानदार और देशभक्त हैं। हम हमेशा दिल्ली के लोगों की सेवा के लिए काम करते हैं।”
सौरभ भारद्वाज के आवास पर ED की यह लंबी छापेमारी राजनीतिक हलकों में गरमा-गर्म बहस का विषय बनी हुई है। आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक उत्पीड़न करार दे रही है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं, खासकर जब सौरभ भारद्वाज अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पर विस्तार से बात करेंगे।
Read More : Criminal Politicians India: आपराधिक मामलों से घिरे 45% विधायक और 46% सांसद, जनहित कैसे होगा सुरक्षित?










