CM Sai MoU Signed: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान और दक्षिण कोरिया की अपनी हालिया विदेश यात्रा को प्रदेश के लिए बेहद फायदेमंद बताया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ कुल 6 महत्वपूर्ण MOU साइन किए गए हैं, जिससे राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जापान में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो में छत्तीसगढ़ पवेलियन ने विदेशी निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लागू नई औद्योगिक नीति के चलते विदेशी निवेशकों में विश्वास बढ़ा है और अब छत्तीसगढ़ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब बनने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।

‘मन की बात’ से मिली प्रेरणा
नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा, “पीएम नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम करोड़ों लोगों को प्रेरित करता है। देशभर में हो रहे नवाचार, सामाजिक कार्य और सामान्य जन की असाधारण उपलब्धियों को मंच देने का काम ‘मन की बात’ कर रहा है।”
TMC सांसद की टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा द्वारा गृह मंत्री अमित शाह पर की गई अभद्र टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “लोकतंत्र में असंसदीय भाषा की कोई जगह नहीं है। इस प्रकार की भाषा निंदनीय है और लोकतंत्र इसे स्वीकार नहीं करता।”
बस्तर की बाढ़ पर जताई चिंता, राहत कार्यों पर दिया ज़ोर
बस्तर में हाल में आई भीषण बाढ़ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश यात्रा के दौरान भी वे स्थिति पर पूरी तरह नजर बनाए हुए थे। “मैंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अफसरों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। जहां लोगों की जान गई और फसलें नष्ट हुईं, वहां मुआवज़ा देने के आदेश दिए गए हैं। राहत कार्यों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
भारत-चीन संबंधों पर रखी राय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में भारत का विश्व में मान-सम्मान बढ़ा है। हम सभी देशों से अच्छे संबंध चाहते हैं और चीन के साथ भी शांतिपूर्ण माहौल की उम्मीद रखते हैं।”
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की जापान और कोरिया यात्रा से छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा मिल सकती है। वहीं, राज्य की आंतरिक समस्याओं जैसे बाढ़, आपदा प्रबंधन और राजनीतिक गरिमा को लेकर भी उनकी तत्परता साफ दिखती है। उनका यह बहुपक्षीय दृष्टिकोण प्रदेश के समग्र विकास में सहायक सिद्ध हो सकता है।










