ICC Women’s World Cup 2025: महिला क्रिकेट को पुरुष क्रिकेट के समान दर्जा दिलाने और इसकी लोकप्रियता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप की पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक इजाफा किया है। अब विजेता टीम को 44.80 लाख डॉलर यानी लगभग 39.55 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी, जो अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि है।

30 सितंबर से होगा टूर्नामेंट, भारत और श्रीलंका होंगे मेजबान
2025 महिला वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन 30 सितंबर 2025 से होगा। इस बार भारत और श्रीलंका मिलकर टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। कुल 8 टीमें इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भाग लेंगी।

297% की बढ़ोतरी, पुरुष वर्ल्ड कप से भी ज्यादा इनामी राशि
ICC ने बताया कि महिला वर्ल्ड कप की कुल इनामी राशि 13.88 मिलियन डॉलर (करीब 122.5 करोड़ रुपये) होगी। यह पिछले महिला वर्ल्ड कप (2022, न्यूजीलैंड) की कुल इनामी राशि से 297% ज्यादा है। खास बात यह है कि यह आंकड़ा ICC पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2023 की पुरस्कार राशि (10 मिलियन डॉलर यानी 88.26 करोड़ रुपये) से भी अधिक है।
टीमों को मिलेंगी ये पुरस्कार राशियां
विजेता टीम: 44.80 लाख डॉलर (लगभग 39.55 करोड़ रुपये)
उपविजेता: 22.4 लाख डॉलर (लगभग 19.77 करोड़ रुपये)
सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें: 11.2 लाख डॉलर प्रति टीम (लगभग 9.89 करोड़ रुपये)
ग्रुप स्टेज में जीत पर: 34,314 डॉलर प्रति जीत (लगभग 30.29 लाख रुपये)
5वें और 6वें स्थान पर रहने वाली टीमें: 700,000 डॉलर (लगभग 62 लाख रुपये)
7वें और 8वें स्थान पर रहने वाली टीमें: 280,000 डॉलर (लगभग 24.71 लाख रुपये)
प्रत्येक टीम को भागीदारी के लिए: 250,000 डॉलर (लगभग 22 लाख रुपये)
महिला क्रिकेट के लिए ‘मील का पत्थर’
ICC के चेयरमैन जय शाह ने इस निर्णय को “महिला क्रिकेट के सफर में मील का पत्थर” बताया। उन्होंने कहा,”यह चार गुना वृद्धि महिला क्रिकेट को प्राथमिकता देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। महिला क्रिकेटरों को यह विश्वास होना चाहिए कि यदि वे इस खेल को पेशेवर रूप से चुनती हैं, तो उन्हें पुरुषों के बराबर सम्मान और अवसर मिलेंगे।”
महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की इनामी राशि में यह बंपर बढ़ोतरी ना सिर्फ एक ऐतिहासिक कदम है, बल्कि यह दर्शाता है कि ICC अब महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर सशक्त और समर्पित मंच देना चाहता है। भारत और श्रीलंका में होने वाला यह टूर्नामेंट सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि लैंगिक समानता की दिशा में एक मजबूत संदेश होगा।
Read More : Samsung Galaxy Event 2025: लॉन्चिंग के कुछ ही घंटे बाकी, जानें कब और क्या होगा लॉन्च










