Rajasthan Election : राजस्थान नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत हासिल की है। बीजेपी की इस सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम झूठ की गूंज के सामने सत्य की विजय का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान की जनता ने डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास नीतियों पर अपना भरोसा जताया है।
10,210 वार्ड के नतीजों में बीजेपी ने हासिल की बढ़त
राज्य में अब तक घोषित 10,210 वार्ड के परिणामों में बीजेपी ने 4,171 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 3,597 वार्ड में सफलता मिली। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जनता के इस जनादेश से राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और लोगों के जीवन में खुशहाली लाने का संकल्प और मजबूत हुआ है।
अमित शाह ने राजस्थान की जनता को दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बीजेपी की जीत पर राजस्थान की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने राजस्थानी भाषा में संदेश देते हुए कहा कि चुनाव में मिली प्रचंड जीत प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और प्रदेश सरकार के सुशासन एवं विकास कार्यों पर जनता की मुहर है। शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ और मेहनती कार्यकर्ताओं की सराहना की।
कांग्रेस के कुशासन पर शाह ने साधा निशाना
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी सरकार राजस्थान को कांग्रेस के कथित कुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्त कराकर हर क्षेत्र में विकास को गति दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का आशीर्वाद राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा।
राजनाथ सिंह बोले- सुशासन का दूसरा नाम बीजेपी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नगर निकाय चुनाव में बीजेपी को मिले समर्थन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने विकास और सुशासन के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उनके मुताबिक, यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास, जनकल्याण और पारदर्शी प्रशासन के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।
नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं की मेहनत को सराहा
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनाव परिणामों पर राजस्थान की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अपना भरोसा दोहराया है। नबीन ने दावा किया कि जनता ने भ्रम फैलाने वालों और नाराज नेताओं को दरकिनार करते हुए विकास, जनकल्याण और सुशासन की नीतियों पर मुहर लगाई है।
उदयपुर और भीलवाड़ा में बीजेपी का शानदार प्रदर्शन
नगर निकाय चुनाव में बीजेपी ने उदयपुर, भीलवाड़ा और कोटा में भी मजबूत प्रदर्शन किया। 80 सदस्यीय उदयपुर नगर निगम में बीजेपी ने 53 वार्ड जीते। भीलवाड़ा के 70 वार्डों में पार्टी ने 45 सीटों पर कब्जा किया, जबकि 100 सदस्यीय कोटा नगर निगम में बीजेपी को 53 वार्डों में जीत मिली। जयपुर और अलवर में भी बीजेपी ने बढ़त बनाई।
जोधपुर में बीजेपी-कांग्रेस के बीच बराबरी का मुकाबला
जोधपुर में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों दलों ने 44-44 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि 10 वार्ड निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गए। वहीं बीकानेर में कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। अजमेर और पाली में भी कांग्रेस बीजेपी से आगे रही।
मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीयों का दबदबा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। भरतपुर नगर निकाय के 65 वार्डों में निर्दलीयों ने 36 सीटों पर जीत या बढ़त बनाई। बीजेपी 20 और कांग्रेस सात वार्डों में विजयी या आगे रही। इससे यहां निर्दलीयों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
पाली और अजमेर में कांग्रेस ने बनाई बढ़त
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठोड़ के गृह शहर पाली में कांग्रेस ने 65 में से 29 वार्डों में जीत दर्ज की। बीजेपी को 21 और निर्दलीयों को 15 वार्ड मिले। अजमेर के 80 वार्डों में कांग्रेस 37 सीटों के साथ आगे रही, जबकि बीजेपी को 32 और निर्दलीयों को 11 वार्डों में सफलता मिली।
2,272 वार्डों में निर्दलीयों की जीत ने बढ़ाई अहमियत
राज्यभर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया है। अब तक निर्दलीयों ने कुल 2,272 वार्डों में जीत दर्ज की है। ऐसे में कई नगर निकायों में बोर्ड गठन के लिए निर्दलीय उम्मीदवार निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। राज्य में कुल 10,244 वार्डों की मतगणना हुई, जिनमें शाम 5:45 बजे तक 10,210 के परिणाम घोषित किए जा चुके थे।
Read More : 2028 US Election : 2028 में JD Vance बनेंगे राष्ट्रपति उम्मीदवार? ट्रंप बोले- शानदार हैं, लेकिन अभी बहुत जल्दी