Eklavya Model Residential School : सरगुजा संभाग में प्रतिभाओं का गढ़ कहे जाने वाले एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर अपनी कला और मेहनत से पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। हाल ही में आयोजित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संभाग स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव “उद्धव 2025” में पेटला/लुंड्रा के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2025 के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया है।

इस भव्य आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त आदिवासी कल्याण एवं विकास ललित शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। सरगुजा संभाग के विभिन्न एकलव्य विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभाशाली छात्रों ने नृत्य, संगीत, नाटक, वाद-विवाद, चित्रकला, लोकगीत और वाद्य-संगीत जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी कला का ऐसा अद्भुत प्रदर्शन किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि – “ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति और परंपरा से भी जोड़कर रखते हैं।”
प्रतियोगिता में पेटला/लुंड्रा विद्यालय के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई विधाओं में श्रेष्ठता हासिल की। चयनित विद्यार्थियों को पदक और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार गोस्वामी और सुशील कुमार यादव ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि – “यह सफलता हमारे विद्यालय की समग्र शिक्षा पद्धति, अनुशासन और शिक्षकों के अथक प्रयासों का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे छात्र अब राज्य स्तरीय मंच पर सरगुजा का प्रतिनिधित्व करेंगे।”
इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल है। अब सबकी निगाहें राज्य स्तरीय मंच पर विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं।











