Sitapur News : गणेश उत्सव की खुशी के बीच सरगुजा के सीतापुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सूर (टांगर सूर) में उस समय मातम पसर गया जब 22 वर्षीय युवक आशीष पन्ना की तालाब में डूबने से मौत हो गई। गणेश विसर्जन कार्यक्रम के उपरांत हुए इस हादसे ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।

मिली जानकारी अनुसार, मंगलवार 2 सितंबर की दोपहर गणेश विसर्जन के बाद आशीष पन्ना पिता कनक साय पन्ना अपने दोस्तों के साथ टेगापारा सूर स्थित मिश्री तालाब पहुंचा था। उत्साह में आशीष सबसे पहले तालाब में कूद गया और तेज़ी से तैरते हुए बीच तक पहुंचने की कोशिश की। लेकिन बीच में ही अचानक थक जाने से वह डूबने लगा। साथी युवकों ने शोर मचाया, लेकिन गहरे पानी के कारण कोई उसे बचा नहीं सका। देखते ही देखते वह पानी में समा गया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में तालाब के पास पहुंच गए। लेकिन भारी बारिश और खराब मौसम के चलते तत्काल रेस्क्यू नहीं हो पाया। प्रशासन ने SDRF की टीम को बुलाया, जिसने लगातार प्रयास किया। टीम ने शाम से लेकर रात तक मशक्कत की और आखिरकार रात करीब 9 बजे युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया।
आशीष की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे इलाके में मातम छा गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि आशीष मिलनसार स्वभाव का युवक था, जिसकी असमय मौत से पूरा सूर गांव सदमे में है।
स्थानीय प्रशासन ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, गांव में लगातार बारिश और तालाबों में जलस्तर बढ़ने से ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग भी की है।










