Chhattisgarh Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बीते 24 घंटों के दौरान राजधानी रायपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। वहीं बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

रायपुर का मौसम अपडेट
राजधानी रायपुर में बीते दिन अधिकतम तापमान 32.6°C रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.1°C दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 95% और शाम को 72% रही। शहर में हल्की बारिश देखने को मिली, जबकि आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ीं।

दुर्ग और अन्य जिलों में तापमान
दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.2°C और न्यूनतम 20.0°C रहा, जो राज्य में सर्वाधिक रहा।मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को आकाश मेघाच्छादित रहेगा और एक-दो बार गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान 32°C और न्यूनतम 25°C के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
जिलेवार प्रमुख वर्षा आंकड़े (मिलीमीटर में)
भैसमा – 120 मिमी
डोंडी लोहारा – 90 मिमी
अड़भार – 70 मिमी
कटघोरा, रामानुजगंज – 60-60 मिमी
सक्ती, केल्हारी, चांपा, लैलूंगा, कोटाडोल, अकलतरा, मनेंद्रगढ़ – 40 से 50 मिमी
क्यों हो रही है बारिश?
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश और पूर्वी राजस्थान के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है। साथ ही, मानसून द्रोणिका जैसलमेर से बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है, जो आने वाले दिनों में भी वर्षा के सिलसिले को जारी रखेगा।
मौसम विभाग की चेतावनी
कुछ जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे खुले मैदानों, ऊंचे स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचें।सावधानी बरतें, विशेष रूप से किसान, ग्रामीण क्षेत्र के लोग और स्कूल जाने वाले बच्चे। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जहां एक ओर यह बारिश खेतों के लिए वरदान साबित हो सकती है, वहीं दूसरी ओर वज्रपात और जलभराव जैसी चुनौतियां भी सामने आ रही हैं। नागरिकों से अपील है कि वे मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लें और सुरक्षित रहें।










