Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के जरिए देशवासियों और विदेशों में रहने वाले भारतीयों से अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने जनगणना, देश के दुर्गम इलाकों में जारी सर्वेक्षण, युवाओं में नशे की समस्या, 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी और आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई जैसे कई मुद्दों का उल्लेख किया।
जनगणना से बन रही देश की बड़ी तस्वीर
पीएम मोदी ने कहा कि इन दिनों देश की एक बड़ी तस्वीर तैयार हो रही है, जिसमें प्रत्येक नागरिक, परिवार और उसके आसपास के सामाजिक परिवेश की जानकारी शामिल होगी। प्रधानमंत्री ने इसे भारत की जनगणना से जोड़ते हुए बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है। अब तक 32 करोड़ से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।
बर्फीले और दुर्गम क्षेत्रों में भी जारी है काम
प्रधानमंत्री ने बताया कि लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड जैसे दुर्गम तथा बर्फीले इलाकों में भी जनगणना का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारी इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। जनगणना से जुटाई गई जानकारी देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने में उपयोगी होगी।
माणा गांव से शुरू हुई जनगणना की प्रक्रिया
पीएम मोदी ने उत्तराखंड में जनगणना की शुरुआत का उदाहरण देते हुए चमोली जिले के माणा गांव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में जनगणना की शुरुआत माणा से हुई, जिसे देश का पहला गांव कहा जाता है। यहां 83 वर्षीय पूर्णिमा रावत से जनगणना प्रक्रिया की शुरुआत की गई।
डिजिटल माध्यम से लोगों ने खुद दर्ज की जानकारी
प्रधानमंत्री ने उत्तरकाशी के बगोरी गांव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वहां होमस्टे संचालित करने वाले हरदेव सिंह राणा ने डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज की। पीएम मोदी के अनुसार, अब तक 2 करोड़ 60 लाख से अधिक लोग मोबाइल के जरिए जनगणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भरकर स्व-गणना कर चुके हैं।
पीएम मोदी की लोगों से जनगणना में भाग लेने की अपील
प्रधानमंत्री ने नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जानकारी दर्ज करने में थोड़ा समय जरूर लग सकता है, लेकिन नागरिकों की सटीक जानकारी देश के भविष्य की वास्तविक तस्वीर तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
9/11 हमले की 25वीं बरसी को किया याद
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी का भी उल्लेख किया। उन्होंने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले में मारे गए निर्दोष लोगों को याद किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने बताया कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद अमेरिका यात्रा के दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क में हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी थी।
दिल्ली और मुंबई आतंकी हमलों का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने भारत में हुए आतंकी हमलों को याद करते हुए कहा कि एक समय देश में सीरियल ब्लास्ट की घटनाएं आम होती जा रही थीं। उन्होंने 13 सितंबर 2008 को दिल्ली में हुए सिलसिलेवार धमाकों और उसके कुछ सप्ताह बाद हुए मुंबई के 26/11 आतंकी हमले का जिक्र किया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति में आए बदलाव की भी बात की।
जीरो टॉलरेंस नीति और सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को भारतीय सेना द्वारा की गई सर्जिकल स्ट्राइक को भी याद किया। पीएम मोदी के अनुसार, भारतीय जवानों ने एलओसी पार जाकर आतंकी ठिकानों के खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति का एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
युवाओं को नशे से दूर रहने का प्रधानमंत्री का संदेश
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में नशामुक्ति अभियान पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बाहर निकालना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री ने नशे की गिरफ्त में आए युवाओं से इससे बाहर निकलने का संकल्प लेने और स्वस्थ जीवन की ओर आगे बढ़ने की अपील की।
Read More : SIR पर CM Yogi का कांग्रेस पर हमला, बोले- संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर कर रहा विपक्ष