Pratappur News : फेसबुक पर एक व्यक्ति द्वारा अग्रवाल समाज को निशाना बनाकर की गई आपत्तिजनक पोस्ट के विरुद्ध अग्रवाल समाज लामबंद हो गया है। मामले को लेकर समाज के पदाधिकारियों ने प्रतापपुर थाने में उक्त व्यक्ति के विरुद्ध अपराध दर्ज करने आवेदन दिया है। थाना प्रभारी अमित कौशिक ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।

सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि अनावेदक विनयशील नामक व्यक्ति जो कि खुद को अपनी आधिकारिक फेसबुक प्रोफाइल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सदस्य एवं कुनकुरी का नगर सेवक बताता है। उसने 8 सितंबर को अपनी ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए इसी फेसबुक प्रोफाइल से एक पोस्ट साझा की है जिसमें लिखा है कि (बीजेपी के लिए एक अग्रवाल के जान की कीमत 50 लाख है, आदिवासी, ओबीसी यादव और कुम्हार के जान की कीमत 5 लाख #जातिवादी_भाजपा) इस पोस्ट का उद्देश्य सीधे तौर पर अग्रवाल समाज को बदनाम करना है।

इस पोस्ट से ऐसा परिलक्षित हो रहा है कि अग्रवाल समाज को अन्य समाजों के सामने नकारात्मक रूप में प्रस्तुत कर एक दुश्मन के रूप में दिखाया गया है। यह पोस्ट अग्रवाल समाज को एक ऐसे समूह के रूप में चित्रित करती है जिसे किसी राजनैतिक दल द्वारा अनुचित लाभ दिया जा रहा है। इस पोस्ट से सार्वजनिक शांति भंग करने का प्रयास किया गया है। इस तरह के झूठे और भड़काऊ बयानों से सामाजिक सद्भाव भी बिगड़ सकता है।
इस पोस्ट से अग्रवाल समाज की प्रतिष्ठा को गहरा धक्का लगा है जो किसी भी तरह से बर्दाश्त करने योग्य नहीं है। ऐसा कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। आवेदन में अनावेदक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने मांग की गई है। आवेदन सौंपने के दौरान अग्रवाल सभा प्रतापपुर के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, सचिव नारायण अग्रवाल, आनंद मित्तल, मुकेश गर्ग, दीपक चंद मित्तल, अमित अग्रवाल, मनीष अग्रवाल व अन्य उपस्थित रहे।
संभागीय अग्रवाल महासभा के निर्देश पर दिया एफआईआर करने आवेदन
अग्रवाल समाज के प्रति की गई आपत्तिजनक पोस्ट के संबंध में अग्रवाल सभा प्रतापपुर के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि सरगुजा संभागीय अग्रवाल महासभा के निर्देश पर 10 सितंबर को समाज के सभी लोगों के साथ बैठक कर अनावेदक विनयशील के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित करते हुए प्रतापपुर थाने में एफआईआर करने आवेदन दिया गया है। आवेदन के साथ आपत्तिजनक पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी संलग्न किया गया है।










