Asia Cup : महिला हॉकी एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा है। चीन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 4-1 से हराकर न केवल तीसरी बार एशिया कप की ट्रॉफी जीती, बल्कि 2026 महिला हॉकी वर्ल्ड कप में डायरेक्ट एंट्री भी हासिल कर ली। वहीं भारतीय टीम को अब वर्ल्ड कप में जगह बनाने के लिए क्वालिफायर मुकाबलों का सामना करना होगा। भारत ने की धमाकेदार शुरुआत फाइनल मैच की शुरुआत टीम इंडिया ने धमाकेदार अंदाज में की। महज 39वें सेकंड में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे नवनीत कौर ने गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले और दूसरे क्वार्टर तक भारतीय डिफेंस ने चीन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया और भारत बढ़त बनाए रखने में सफल रहा। चीन की जबरदस्त वापसी हालांकि तीसरे क्वार्टर में चीन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए भारत की डिफेंस को चीरना शुरू किया। 36वें मिनट में चीन ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद चीन ने लगातार दबाव बनाए रखा और 41वें मिनट में दूसरा गोल दागकर 2-1 की बढ़त ले ली। भारतीय टीम जवाब देने में असफल रही। चौथे क्वार्टर में टूटा भारतीय डिफेंस चौथे क्वार्टर में चीन ने मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा लिया। 51वें और 52वें मिनट में दो और गोल दागते हुए स्कोर 4-1 कर डाला। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी मैच में वापसी की कोशिश करती रहीं, लेकिन चीन की रक्षापंक्ति को भेदना उनके लिए मुश्किल साबित हुआ। वर्ल्ड कप में अब क्वालिफायर से मिलेगी एंट्री इस हार के साथ भारत की महिला हॉकी टीम वर्ल्ड कप 2026 के लिए सीधे क्वालिफाई करने का मौका भी गंवा बैठी है। अब टीम इंडिया को वर्ल्ड कप में अपनी जगह बनाने के लिए क्वालिफायर टूर्नामेंट में उतरना होगा। वहीं चीन ने न केवल एशिया कप जीता, बल्कि वर्ल्ड कप का टिकट भी पक्का कर लिया। चीन की तीसरी खिताबी जीत चीन ने इस जीत के साथ तीसरी बार महिला हॉकी एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की है। इससे पहले उसने 1989 और 2009 में खिताब जीते थे। इस बार फाइनल में उसका प्रदर्शन बेहद संतुलित और आक्रामक रहा, जिससे भारत की हर रणनीति विफल होती नजर आई। भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह हार एक बड़ा झटका है। वर्ल्ड कप के लिए अब रास्ता और मुश्किल हो गया है, लेकिन टीम के पास अब भी मौका है खुद को साबित करने का। क्वालिफायर में बेहतर प्रदर्शन कर भारत वर्ल्ड कप का टिकट कटा सकती है। Read More: Navjot Singh Death: दिल्ली में सड़क हादसा, वित्त मंत्रालय के डिप्टी डायरेक्टर नवजोत सिंह की मौत, तेज रफ्तार BMW ने मारी टक्कर














