Ambikapur News : सरगुजा के युवा एथलीट ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। कार्मेल स्कूल अंबिकापुर के कक्षा 11वीं के छात्र तेजस गोंड ने त्रिकूद (ट्रिपल जंप) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर सीबीएसई राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। 17 वर्ष आयु वर्ग की इस स्पर्धा में तेजस ने 14.32 मीटर की शानदार छलांग लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ सीबीएसई एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 13 सितंबर 2025 तक वाराणसी स्थित संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित इस नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश-विदेश से लगभग 10 हजार खिलाड़ी शामिल हुए थे। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव रहे।

तेजस गोंड के स्वर्ण पदक जीतने पर विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। कार्मेल स्कूल की प्राचार्य सिस्टर रोशनी ने तेजस को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और एसजीएफआई स्तर पर चयन हेतु शुभकामनाएं भी दी।










