Pratappur News : सूरजपुर जिले की जनपद पंचायत प्रतापपुर में स्थानांतरित होकर आए नए सीईओ को एक माह बाद भी प्रभार नहीं मिलने के विवाद ने अब उग्र रूप धारण कर लिया है। सरपंच संघ के आंदोलन में अब जनपद सदस्य भी शामिल हो गए हैं। स्थानांतरण आदेश का पालन नहीं होने से आक्रोशित सरपंच संघ और जनपद सदस्यों ने मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंप 17 सितंबर बुधवार को जनपद पंचायत कार्यालय में तालाबंदी करने चेतावनी दी है। इस आशय की पूर्व सूचना थाने में भी दी गई है।

बता दें कि जनपद पंचायत प्रतापपुर में स्थानांतरित होकर आए नए सीईओ जयगोविंद गुप्ता को प्रभार दिलाने के लिए सरपंच संघ लगातार आंदोलन कर रहा है। कई बार धरना प्रदर्शन भी किया जा चुका है। कलेक्टर से लेकर जिला पंचायत सीईओ को भी कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है। बावजूद इसके तत्कालीन प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह जिनका की मूल पद अतिरिक्त उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं सूरजपुर है, वे स्थानांतरित होने के एक माह बाद भी नए सीईओ जयगोविंद गुप्ता को अपना प्रभार सौंपने को तैयार नहीं हो रहे हैं। जिसके कारण प्रशासन द्वारा जारी तत्काल प्रभावशील स्थानांतरण आदेश महज एक मजाक बनकर रह गया है।

मंगलवार को सरपंच संघ व जनपद सदस्यों द्वारा एसडीएम कार्यालय में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि 14 अगस्त को सूरजपुर कलेक्टर एस जयवर्धन ने एक आदेश जारी कर प्रतापपुर जनपद के प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह का स्थानांतरण किया था। उनके स्थान पर स्थाई सीईओ जयगोविंद गुप्ता को पदभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया था। जिसके बाद सीईओ गुप्ता ने आदेश का पालन करते हुए 16 अगस्त को प्रतापपुर जनपद में अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी थी। पर एक माह बीत जाने के बाद भी उन्हें तत्कालीन प्रभारी सीईओ नृपेन्द्र सिंह अपना प्रभार नहीं दे रहे हैं। वे आए दिन कोई न कोई बहाना कर प्रभार देने से मना कर देते हैं।
नए सीईओ को प्रभार नहीं मिलने से जनपद की 101 ग्राम पंचायतों के कार्य पूर्णतः बाधित हो चुके हैं। न तो पंचायतों में कोई विकास कार्य हो पा रहा है और न ग्रामीणों के ही जरुरी कार्य हो पा रहे हैं। नए सीईओ को प्रभार दिलाने की मांग को लेकर कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं। बावजूद इसके जिला प्रशासन कोई पहल नहीं कर रहा है। जिला प्रशासन के इस उदासीन रवैए के कारण जनता द्वारा चुने गए पंचायत प्रतिनिधि त्रस्त हो चुके हैं। इसलिए अब सर्वसम्मति से जनपद पंचायत कार्यालय में ताला जड़ने का निर्णय लिया गया है। ज्ञापन में सरपंच संघ व जनपद सदस्यों ने बुधवार को जनपद कार्यालय का घेराव करते हुए तालाबंदी करने की चेतावनी दी है।










