Ambikapur News : अंबिकापुर शहर की जर्जर सड़कों को लेकर आखिरकार युवा कांग्रेस ने बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की उपेक्षा से नाराज़ युवा कांग्रेस ब्लॉक अंबिकापुर शहर ने शनिवार को पीजी कॉलेज के सामने धरना प्रदर्शन और सांकेतिक चक्काजाम कर डबल इंजन सरकार के खिलाफ जमकर रोष जताया। कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर बने गड्ढों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा के चुनाव निशान कमल फूल की तस्वीर लगाकर विरोध दर्ज किया।

बरसात में बनी नारकीय स्थिति
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से शहर की सड़कों की हालत बेहद खराब है। बरसात के चलते बड़े-बड़े गड्ढे पानी से भरकर नगरवासियों के लिए यातनापूर्ण स्थिति पैदा कर रहे हैं। सड़क रखरखाव के लिए जिम्मेदार विभागों की उदासीनता का आलम यह है कि वे गड्ढों में मालवा तक नहीं डलवा रहे हैं।


विपक्ष का तीखा हमला
धरना स्थल पर मौजूद नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि जिम्मेदार विभाग की अब भावना शून्य हो चुकी है। उनके क्रियाकलापों ने शहरवासियों के लिए नारकीय माहौल बना दिया है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपील की कि वह विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर तत्काल सड़कों की मरम्मत कराए। शफी अहमद ने यह भी सुझाव दिया कि यदि विभागों के पास फंड की कमी है तो सांसद निधि, विधायक निधि, महापौर और पार्षद निधि के साथ-साथ डीएमएफ फंड से राशि उपलब्ध कराई जाए।
वहीं युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शुभम जायसवाल ने कहा कि अंबिकापुर की करीब 70 प्रतिशत सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। भाजपा ने ट्रिपल इंजन सरकार में विकास की ट्रिपल रफ्तार का नारा देकर जनता को छलावा दिया है। लेकिन आज विकास की जगह सरकारें भ्रष्टाचार में डूबी हुई हैं और जनता बदहाल सड़कों पर परेशान हो रही है।

कांग्रेस का प्रदर्शन और चेतावनी
करीब डेढ़ घंटे तक चले इस धरना प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर शहर अध्यक्ष हेमंत सिंहा, ब्लॉक कांग्रेस अंबिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा, पापिन्दर सिंह, शैलेंद्र सोनी, संजय सिंह, अमित तिवारी राजा, कलीम अंसारी, लुकस एक्का, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, निक्की खान, निखिल विश्वकर्मा, अमित सिंह, मिथुन सिंह, सीपू सिंह, राहुल सोनी, आर्यमान, मनीष साहू, अंकुश साहू, साहिल, समीर गुप्ता, रवि सिंह, अतुल तांमरेकर, ज्ञान तिवारी, अनिकेत गुप्ता, दीपु आकाश झरिया, साहिल, शिफ्तै राजा, रोहन साहू जैकी, समीर बेस, रेहान अली, सतीश घोष, रजत सीदार, सचिन किंडो, आशीष, सुमित लकी, गोलू, अभिषेक, सूरज, आर्यन, दीपक, सनी, प्रिंस, नितिन, प्रीतम, शिवम, लक्ष्य, नीरज, राम, अनुज, निखिल, सुजल, चीनू पंडित, आदित्य हिमालय समेत बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़कों की मरम्मत और सुधार कार्य शीघ्र शुरू नहीं हुए तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।










