Adani SEBI Clean Chit: अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग द्वारा जनवरी 2023 में लगाए गए गंभीर आरोपों से घिरे अडाणी ग्रुप को बड़ी राहत मिली है। भारतीय बाजार नियामक संस्था SEBI ने अपनी जांच के बाद अडाणी समूह को क्लीन चिट दे दी है। इस निर्णय के बाद समूह के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए भावुक लेकिन दृढ़ संदेश साझा किया।

“हर संकट ने हमें मजबूत किया”
गौतम अडाणी ने कहा कि बीते दो सालों से अधिक समय तक समूह पर संकट के बादल मंडरा रहे थे, लेकिन अब वह छंट गए हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया को एक “अग्निपरीक्षा” बताया जिसमें समूह और उसके कर्मचारी खरे उतरे। उन्होंने कहा, “दबाव में काम करना ही असली चरित्र की परीक्षा होती है, और आपने साबित कर दिया कि अडाणी का चरित्र अटूट है।”

हिंडनबर्ग का हमला ‘वैश्विक तमाशा’ था
गौतम अडाणी ने हिंडनबर्ग की रिपोर्ट को ‘एक टारगेटेड हमला’ करार दिया। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ एक बाजार की घटना नहीं थी, बल्कि हमारी प्रतिष्ठा और भारत के उद्यमियों के प्रति वैश्विक विश्वास की परीक्षा थी। यह हमला वैश्विक स्तर पर हमें और भारत को नीचा दिखाने की कोशिश थी।”उन्होंने कहा कि भले ही हिंडनबर्ग रिसर्च अब बंद हो चुका है, लेकिन इसके कारण उपजे संदेह लंबे समय तक कायम रहे। इसके बावजूद अडाणी ग्रुप की परियोजनाएं बंदरगाह, एयरपोर्ट, बिजली संयंत्र और नवीकरणीय ऊर्जा लगातार आगे बढ़ती रहीं।
ईमानदारी और पारदर्शिता बनी रहेंगी नींव
अपने संदेश में अडाणी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य की दिशा ईमानदारी, पारदर्शिता, इनोवेशन और लॉन्ग टर्म वैल्यू क्रिएशन पर केंद्रित होगी। उन्होंने ऊर्जा, लॉजिस्टिक और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में तेज़ी से विकास करने की प्रतिबद्धता जताई।
“हम आज की तालियों के लिए नहीं, बल्कि भविष्य की विरासत के लिए निर्माण कर रहे हैं”
गौतम अडाणी ने कहा कि यह समय केवल एक कंपनी की छवि बचाने का नहीं, बल्कि एक राष्ट्र के उद्यमशीलता पर विश्वास की रक्षा करने का था। उन्होंने कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहा, “आपने मेरे विश्वासों के लिए संघर्ष किया और मेरा साथ नहीं छोड़ा। यह समय हम सभी के लिए प्रेरणा बनेगा।”
संदेश का अंत: “सत्यमेव जयते, जय हिंद”
अपने प्रेरक संदेश के अंत में गौतम अडाणी ने कहा, “हमारी कहानी साहस, संकल्प और मातृभूमि भारत से किए गए वादे की गवाही बने। सत्यमेव जयते। जय हिंद।”SEBI से क्लीन चिट मिलना न केवल अडाणी समूह के लिए बड़ी राहत है, बल्कि यह भारतीय कॉर्पोरेट क्षेत्र के लिए भी एक अहम संदेश है कि पारदर्शिता और मजबूती से खड़ा रहना ही असली सफलता की कुंजी है।










