October 2025 Rules: 1 अक्टूबर 2025 से देश में कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू होने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम जनता से लेकर कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स तक सभी पर पड़ेगा। इनमें रेलवे टिकट बुकिंग, UPI पेमेंट, ऑनलाइन गेमिंग, गैस सिलेंडर की कीमत, पेंशन सिस्टम और बैंक अवकाश जैसे नियम शामिल हैं। आइए जानते हैं इन बदलावों के बारे में विस्तार से।

ऑनलाइन गेमिंग पर सख्ती
सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग इंडस्ट्री पर नकेल कसने के लिए नया कानून पास किया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद यह नियम 1 अक्टूबर से लागू हो जाएगा। नए कानून के तहत ऑनलाइन गेमिंग कंपनियों की सख्त निगरानी की जाएगी ताकि खिलाड़ियों को धोखाधड़ी से बचाया जा सके और गेमिंग सिस्टम को पारदर्शी बनाया जा सके।

रेलवे टिकट बुकिंग में बदलाव
IRCTC ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के नियमों में अहम बदलाव किया है। अब 1 अक्टूबर से सुबह के पहले 15 मिनटों में केवल उन्हीं यात्रियों को टिकट बुक करने की सुविधा मिलेगी जिनका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से वेरिफाइड है। यह बदलाव दलालों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से किया गया है।
UPI पेमेंट रिक्वेस्ट बंद
UPI यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट है। अब आप किसी को डायरेक्ट पेमेंट रिक्वेस्ट नहीं भेज पाएंगे। NPCI ने यह फीचर बंद करने का निर्णय लिया है ताकि UPI फ्रॉड को रोका जा सके। यह बदलाव पियर-टू-पियर (P2P) रिक्वेस्ट ट्रांजैक्शन को हटाकर लागू किया जा रहा है।
NPS में नया मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क
पेंशन फंड रेग्युलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने NPS में मल्टीपल स्कीम फ्रेमवर्क (MSF) लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत गैर-सरकारी सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारी, गिग वर्कर्स और कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स अब एक ही PAN नंबर से कई स्कीम्स में निवेश कर सकेंगे। यह सुविधा 1 अक्टूबर से लागू होगी।
गैस सिलेंडर की कीमतों में संभावित राहत
अप्रैल 2025 के बाद से गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अब अनुमान लगाया जा रहा है कि 1 अक्टूबर से कीमतों में बदलाव हो सकता है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सकती है। हालांकि, इस पर सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अक्टूबर में बैंक अवकाश की लिस्ट
अक्टूबर 2025 में कई त्योहारों के चलते बैंकों में छुट्टियां रहेंगी। गांधी जयंती, दशहरा, लक्ष्मी पूजा, दिवाली, भाई दूज, छठ पूजा जैसे प्रमुख त्योहारों के अलावा, दूसरा और चौथा शनिवार व सभी रविवार को भी बैंक बंद रहेंगे। ऐसे में बैंक से जुड़े कार्यों की योजना पहले से बना लें।
1 अक्टूबर 2025 से लागू होने वाले ये बदलाव न केवल रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेंगे बल्कि डिजिटल और वित्तीय लेन-देन के तरीके भी बदल सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि आम नागरिक इन बदलावों के प्रति सतर्क रहें और आवश्यक तैयारियां पहले से कर लें।











