Owaisi attacks Modi: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर तीखा हमला बोला है। पीएम मोदी ने आरएसएस की शताब्दी समारोह में संगठन की आजादी की लड़ाई में भागीदारी का जिक्र किया था। इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए ओवैसी ने कहा कि आरएसएस का स्वतंत्रता संग्राम से कोई ताल्लुक नहीं रहा और प्रधानमंत्री का बयान पूरी तरह से भ्रामक है।

ओवैसी के आरोप
ओवैसी ने हैरानी जताते हुए कहा कि “पीएम मोदी कहां से ये कहानी गढ़ रहे हैं। पूरी दुनिया जानती है कि आरएसएस का कोई व्यक्ति भारत की आजादी की लड़ाई में हिस्सा नहीं लिया।” उन्होंने आगे दावा किया कि आरएसएस का कोई भी कार्यकर्ता न तो आंदोलन में शामिल हुआ और न ही जेल गया।ओवैसी ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए कहा कि आरएसएस के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार कांग्रेस के सदस्य रहते हुए 1930 के दांडी मार्च में शामिल हुए थे। लेकिन यह सब उनकी कांग्रेस सदस्यता के दौरान हुआ, न कि संघ की सक्रियता के जरिए।

विपक्ष की भी प्रतिक्रिया
ओवैसी के साथ ही कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने भी पीएम मोदी के दावों का खंडन किया।
-
कांग्रेस का कहना है कि आरएसएस ने कभी आजादी की लड़ाई में भाग नहीं लिया, बल्कि 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान उसने ब्रिटिश हुकूमत का साथ दिया।
-
AAP ने भी आरोप लगाया कि आरएसएस का स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं रहा।
पीएम मोदी का बयान
दरअसल, आरएसएस की शताब्दी समारोह में पीएम मोदी ने कहा था कि संगठन के संस्थापक हेडगेवार ने और कई स्वयंसेवकों ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जेल की सजा भुगती। उन्होंने यह भी दावा किया कि आरएसएस ने भारत छोड़ो आंदोलन और चिमूर आंदोलन में ब्रिटिश दमन का सामना किया, साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों को आश्रय भी दिया। पीएम मोदी ने संघ की भूमिका को “राष्ट्र निर्माण” से जोड़ते हुए कहा कि न सिर्फ आजादी में, बल्कि आजादी के बाद भी संघ ने गोवा मुक्ति आंदोलन, दादरा-नगर हवेली और हैदराबाद के निजाम के खिलाफ संघर्षों में योगदान दिया।
राजनीतिक विवाद तेज
पीएम मोदी के बयानों और विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा गरमा गया है। इतिहास के पन्नों और राजनीतिक दावों के बीच RSS की भूमिका पर नई बहस शुरू हो गई है। ओवैसी और विपक्ष लगातार यह चुनौती दोहरा रहे हैं कि यदि आरएसएस की भागीदारी रही है तो उसके प्रमाण सामने लाए जाएं।
Read More: PAK W vs BAN W: बांग्लादेश ने आसान जीत के साथ पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया










