Hasdeo River Drowning: जिले के पंतोरा चौकी क्षेत्र अंतर्गत देवरी गांव में शनिवार को हसदेव नदी में नहाने गए पांच युवाओं में से तीन लापता हो गए हैं। हादसे के बाद नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था, लेकिन रात होने की वजह से ऑपरेशन को फिलहाल रोक दिया गया है। हादसे की पुष्टि एएसपी उमेश कश्यप ने की है।

पिकनिक बना दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच बिलासपुर और जांजगीर-चांपा जिले के 3 युवक और 2 युवतियां देवरी गांव के पास हसदेव नदी किनारे पिकनिक मनाने पहुंचे थे। शाम ढलते-ढलते सभी लोग नहाने के लिए नदी में उतर गए। हल्के अंधेरे और गहराई का अंदाजा न होने के कारण सभी लोग नदी के तेज बहाव में बहने लगे।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से दो की जान बची
नदी किनारे मौजूद ग्रामीणों ने जब युवाओं को डूबते देखा तो तत्परता दिखाते हुए तुरंत नदी में कूद गए। उनकी कोशिशों से एक युवक और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बाकी तीन युवक-युवती गहराई में समा गए। डूबने वालों में बिलासपुर के दो युवक और एक युवती शामिल हैं।
रेस्क्यू रोकने से नाराज़ परिजन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण सर्च अभियान को देर शाम रोक दिया गया। लापता युवाओं के परिजनों और ग्रामीणों ने रेस्क्यू बंद करने पर नाराजगी जताई है और मांग की है कि जब तक तीनों को खोज नहीं लिया जाता, अभियान लगातार चलाया जाए।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट, अगली सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू होगा
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हादसे में तीन लोग अब भी लापता हैं और रेस्क्यू टीम को अलर्ट रखा गया है। रविवार सुबह होते ही फिर से गोताखोरों की टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।
सावधानी जरूरी, प्रशासन ने दी चेतावनी
इस हादसे ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि नदियों और जलाशयों में बिना सुरक्षा इंतजाम के नहाना बेहद खतरनाक हो सकता है। खासकर पिकनिक या पर्यटन स्थलों पर लोगों को स्थानीय परिस्थिति की जानकारी जरूर लेनी चाहिए।
Read More : Nankiram Kanwar Protest: ननकीराम कंवर ने बदला धरने का फैसला, कलेक्टर को हटाने की मांग पर नरम रुख










