FIFA World Cup 2026 : इंटरनेशनल फुटबॉल के इतिहास में एक बेहद रोमांचक और नए युग की शुरुआत होने जा रही है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने नए और भव्य स्वरूप के साथ दुनिया के सामने आने के लिए पूरी तरह तैयार है। फुटबॉल के इतिहास में यह पहली बार होने जा रहा है जब इस प्रतिष्ठित वैश्विक टूर्नामेंट में कुल 48 टीमें खिताब के लिए आपस में भिड़ेंगी। इस बार महाकुंभ की संयुक्त मेजबानी तीन बड़े देशों—अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको—के पास है। यह मेगा टूर्नामेंट 11 जून से शुरू होकर 19 जुलाई तक खेला जाएगा। फॉर्मेट बड़ा होने के कारण इस बार 16 अलग-अलग शहरों के शानदार स्टेडियमों में रिकॉर्ड 104 मैच आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रशंसकों को ज्यादा टीमें, अधिक मुकाबले और एक लंबा नॉकआउट स्टेज देखने को मिलेगा। इसी वजह से इसे इतिहास का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप माना जा रहा है।

ग्रुप स्टेज का नया रोमांच: 12 ग्रुप्स में बांटी गईं सभी टीमें
टूर्नामेंट को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कुल 48 टीमों को 4-4 के कुल 12 अलग-अलग ग्रुप्स में विभाजित किया गया है। ग्रुप स्टेज के दौरान प्रत्येक टीम को तीन-तीन मैच खेलने का मौका मिलेगा। इसके बाद, हर ग्रुप में टॉप-2 पर रहने वाली टीमें सीधे नॉकआउट राउंड के लिए क्वालीफाई कर जाएंगी। इनके साथ ही, तीसरे स्थान पर रहने वाली 8 सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को भी अगले दौर का टिकट मिलेगा। इस तरह नॉकआउट स्टेज में कुल 32 टीमें अपनी जगह पक्की करेंगी। ‘राउंड ऑफ 32’ (Round of 32) की इस नई व्यवस्था के कारण फाइनल में पहुंचने वाली टीमों को अब कुल आठ मैच खेलने होंगे।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पूरा शेड्यूल और तारीखें
फुटबॉल के इस महाकुंभ का पूरा कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार) इस प्रकार तय किया गया है:
-
ग्रुप स्टेज: 11 जून से 27 जून तक
-
राउंड ऑफ 32: 28 जून से 3 जुलाई तक
-
राउंड ऑफ 16: 4 जुलाई से 7 जुलाई तक
-
क्वार्टर फाइनल मुकाबले: 9 जुलाई से 11 जुलाई तक
-
सेमीफाइनल मैच: 14 जुलाई और 15 जुलाई
-
थर्ड प्लेस प्लेऑफ: 18 जुलाई को
-
ग्रैंड फिनाले (फाइनल): 19 जुलाई को
उद्घाटन मैच और खिताबी मुकाबले का भव्य आयोजन
टूर्नामेंट का आधिकारिक आगाज 11 जून (भारतीय समयानुसार 12 जून) को मैक्सिको सिटी के ऐतिहासिक ‘एस्टाडियो एज्टेका’ स्टेडियम में होगा, जहां मेजबान मैक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। वहीं, इस पूरे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा महामुकाबला यानी फाइनल मैच 19 जुलाई को न्यूयॉर्क न्यू जर्सी के प्रतिष्ठित ‘मेटलाइफ स्टेडियम’ में खेला जाएगा, जहां दुनिया को इस ऐतिहासिक फुटबॉल वर्ल्ड कप का नया विश्व चैंपियन मिलेगा। हालांकि, भारतीय फैंस के लिए एक मायूस करने वाली खबर यह है कि भारतीय फुटबॉल टीम इस बार विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी है।
भारतीय समयानुसार कब और किस स्लॉट में लाइव दिखेंगे मैच?
भारत और मेजबान देशों (अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको) के टाइम जोन में एक बड़ा अंतर है। इस वजह से भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों को लाइव मैचों का लुत्फ उठाने के लिए देर रात और सुबह के वक्त जागना होगा। विश्व कप के अधिकांश मुकाबले भारतीय समयानुसार चार प्रमुख टाइम स्लॉट्स में प्रसारित किए जाएंगे। भारत में अधिकतर मैचों की लाइव शुरुआत रात 12:30 बजे, रात 3:30 बजे और सुबह 6:30 बजे होगी, जबकि कुछ चुनिंदा मैच सुबह 7:30 बजे से शुरू होंगे। उद्घाटन मुकाबला 12 जून को भारतीय समयानुसार रात करीब 12:30 बजे खेला जाएगा।
वर्ल्ड कप 2026 के सभी 12 ग्रुप्स की पूरी सूची
टूर्नामेंट की सभी 48 टीमों का ग्रुप वर्गीकरण इस प्रकार है:
-
ग्रुप A: मैक्सिको, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका, चेकिया
-
ग्रुप B: कनाडा, बोस्निया और हर्ज़ेगोविना, कतर, स्विट्जरलैंड
-
ग्रुप C: ब्राजील, मोरक्को, हैती, स्कॉटलैंड
-
ग्रुप D: यूएसए, पैराग्वे, ऑस्ट्रेलिया, तुर्की
-
ग्रुप E: जर्मनी, कोटे डी आइवर, इक्वाडोर, कुराकाओ
-
ग्रुप F: नीदरलैंड्स, जापान, स्वीडन, ट्यूनीशिया
-
ग्रुप G: बेल्जियम, मिस्र, ईरान, न्यूजीलैंड
-
ग्रुप H: स्पेन, uruguay, सऊदी अरब, काबो वर्डे
-
ग्रुप I: फ्रांस, सेनेगल, नॉर्वे, इराक
-
ग्रुप J: अर्जेंटीना, अल्जीरिया, ऑस्ट्रिया, जॉर्डन
-
ग्रुप K: पुर्तगाल, कोलंबिया, उज़्बेकिस्तान, कांगो डीआर
-
ग्रुप L: इंग्लैंड, क्रोएशिया, घाना, पनामा
Read More : India slams Pakistan in UNSC : UNSC में भारत ने पाकिस्तान को लताड़ा, अफगानिस्तान पर हवाई हमलों की कड़ी निंदा











