Balrampur News : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर से शनिवार सुबह एक दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई। थाना परिसर में रहने वाले पुलिस आरक्षक जुगन साय पैकरा की उनके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब आरक्षक सुबह निर्धारित समय पर ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर साथी पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो आरक्षक अचेत अवस्था में मिले। तत्काल इसकी सूचना थाना प्रभारी और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। कुछ ही देर में परिजन भी राजपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरक्षक जुगन साय पैकरा पिछले कुछ माह पहले पीलिया (जॉन्डिस) से पीड़ित हो गए थे। उपचार के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ होकर दोबारा अपनी ड्यूटी पर लौट आए थे और नियमित रूप से सेवा दे रहे थे। ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने पुलिस विभाग के साथ-साथ परिजनों को भी गहरे सदमे में डाल दिया है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मौत किसी बीमारी के कारण हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। इस घटना के बाद राजपुर थाना परिसर में शोक का माहौल है और पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी अपने साथी के असामयिक निधन से स्तब्ध हैं।











