Ambikapur News : शहर में मोहर्रम की 8वीं, 9वीं और 10वीं मोहर्रम के पारंपरिक जुलूस इस वर्ष भी पूरी शांति, सौहार्द और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हुए। मोहर्रम इंतजामिया कमेटी, अंबिकापुर ने जुलूसों के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन सहित सभी विभागों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

कमेटी ने कहा कि जुलूसों के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन का मार्गदर्शन, सहयोग एवं सुरक्षा व्यवस्था सराहनीय रही, जिससे सभी कार्यक्रम व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके। इसके साथ ही नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराईं, जिसके लिए कमेटी ने उनका विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।


मोहर्रम इंतजामिया कमेटी ने सभी अलमदारों का भी तहेदिल से शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने कमेटी की अपील का सम्मान करते हुए अपने अलम का आकार सीमित रखा और व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा शहर की विभिन्न कमेटियों एवं जिम्मेदार नागरिकों के सहयोग, सुझाव और मार्गदर्शन को भी आयोजन की सफलता का अहम कारण बताया।

कमेटी ने अंबिकापुर की अमनपसंद और शांति प्रिय जनता का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरवासियों ने हमेशा की तरह आपसी भाईचारे और सद्भाव की मिसाल पेश की। यदि जुलूस के दौरान किसी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा हुई हो तो उसके लिए कमेटी ने खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सभी के सहयोग और मार्गदर्शन की अपेक्षा जताई।
मोहर्रम इंतजामिया कमेटी के संयोजक मो. हसन खान, अध्यक्ष इरशाद खान, कार्यकारी अध्यक्ष मंजुल खान एवं सद्दाम खान, तथा सचिव फैज़ान अहमद ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी के सहयोग से ही अंबिकापुर में अमन, मोहब्बत और भाईचारे का यह खूबसूरत संदेश कायम है।











