Koriya Triple Murder Case : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले का नौगई मर्डर कांड इन दिनों राज्य की राजनीति के केंद्र में है। रेत के अवैध कारोबार और बालू उत्खनन से जुड़े विवाद के चलते हुई यह वीभत्स घटना पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय बन गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए साय सरकार ने अब इस हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश कर दी है। शुक्रवार को कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना महंत और जशपुर रियासत के राजा रणविजय सिंह जूदेव बैकुंठपुर स्थित पीड़ित परिवार के निवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटना की विस्तृत जानकारी ली।

पीड़ित परिवार की सुरक्षा और न्याय की मांग
मुलाकात के दौरान सांसद ज्योत्सना महंत और राजा रणविजय सिंह जूदेव ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में ऐसी हिंसक वारदात को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवार का मनोबल बढ़ाते हुए नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि उन्हें तत्काल प्रभाव से कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई जाए, क्योंकि हत्याकांड के बाद से पूरा परिवार अत्यधिक भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। सांसद ज्योत्सना महंत ने भरोसा दिलाया कि वे इस मामले में न्याय दिलाने के लिए हर संभव मंच पर आवाज उठाएंगी और दोषियों को सजा मिलने तक संघर्ष जारी रखेंगी।

अपराधियों में कानून का भय होना जरूरी: रणविजय सिंह जूदेव
जशपुर रियासत के राजा रणविजय सिंह जूदेव ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि नौगई की घटना ने पूरे छत्तीसगढ़ को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अपराधियों के मन में कानून का डर दिखना चाहिए। प्रशासन को ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष जांच के साथ-साथ परिवार की आर्थिक सहायता और सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि भविष्य में इस प्रकार के अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।
आर्थिक संकट और व्यवसाय पर पड़ा गहरा असर
पीड़ित परिजनों ने नेताओं के सामने अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए बताया कि घटना के बाद से उनका सारा कारोबार ठप पड़ा है। घर के कमाने वाले सदस्यों के जाने और सुरक्षा के अभाव के कारण वे आर्थिक तंगी के साथ-साथ गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। परिजनों ने शासन से न केवल कड़ी सुरक्षा की मांग की, बल्कि उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता का भी आग्रह किया ताकि वे पुनः सामान्य जीवन की ओर लौट सकें। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सामने आज अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है।
सीबीआई जांच से न्याय की उम्मीद
सीबीआई जांच की सिफारिश का स्वागत करते हुए परिजनों ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय जांच एजेंसी पूरे मामले का निष्पक्ष खुलासा करेगी। उन्होंने मांग की कि न केवल हत्याकांड के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए, बल्कि उनके अवैध संपत्तियों और निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए। फिलहाल, पूरी जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि सीबीआई की जांच कब शुरू होती है और पीड़ित परिवार को कब तक न्याय एवं सुरक्षा का कवच मिलता है।
Read More : सावन के व्रत में मखाना खीर ऐसे करें तैयार











