Surajpur News : सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र में मोबाइल दुकान की दीवार तोड़कर लाखों रुपये के सामान और नगदी की चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 2 लाख 10 हजार रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के कुछ मोबाइल, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी को नदी में फेंकने की बात भी स्वीकार की है।

मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सलका का है। पुलिस के अनुसार, 17-18 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कृष्ण कुमार साहू की मोनू मोबाइल दुकान के पीछे की दीवार तोड़कर दुकान में प्रवेश किया। चोर दुकान से 2 सीसीटीवी कैमरे, 1 एलईडी टीवी, 16 मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 86 हजार 550 रुपये बताई गई।

पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना प्रेमनगर में अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने पुलिस की सक्रियता से घबराकर चोरी किए गए 9 मोबाइल कबीर चबूतरा के पास छोड़ दिए थे। पुलिस ने इन मोबाइल को बरामद कर लिया।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। पूछताछ में मुनेश्वर सिंह उईके (21), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20) और एक विधि से संघर्षरत बालक ने चोरी की वारदात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि चोरी के दौरान कुछ सामान पुलिस के डर से अलग-अलग जगह छिपाया गया था।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुल्ले प्रताप सिंह (19) को भी पकड़ा। उसकी निशानदेही पर चोरी के 2 मोबाइल फोन, जबकि दिलीप उर्फ मंगलू के कब्जे से 1 मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल 2.10 लाख रुपये कीमत के मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी के 4 मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी को नदी में फेंकने की बात भी बताई है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनगर विराट बिशी, एएसआई गुड्डू कुशवाहा सहित पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











