Ambikapur News : सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सर्व आदिवासी समाज ने बुधवार को मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में समाज के लोग अंबिकापुर पहुंचे और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी धरने पर डटे रहे।

बता दें पिछले दिनों नाबालिग के साथ दुष्कर्म के आरोप में सरगुजा के ग्राम भफौली के उपसरपंच पति तरुण जायसवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि घटना के बाद से ही तरुण जायसवाल फरार है और पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर पीड़ित परिवार और आदिवासी समाज में आक्रोश है।

इसी मामले को लेकर बुधवार को सर्व आदिवासी समाज के सदस्य बड़ी संख्या में पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव करने पहुंचे। कलेक्ट्रेट के बाहर गेट पर तैनात भारी संख्या में पुलिस बल को देख प्रदर्शनकारी मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए। इस दौरान लगातार हो रही तेज बारिश भी प्रदर्शनकारियों के हौसले को नहीं डिगा सकी। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष प्रदर्शनकारी बारिश के बीच धरने पर बैठे रहे और आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर कलेक्टोरेट परिसर और आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।


गौरतलब है कि सरगुजा पुलिस की ओर से नाबालिग से दुष्कर्म के इस मामले में आरोपी तरुण जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए सार्वजनिक सूचना जारी की गई थी। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को इनाम देने की घोषणा भी की थी।
इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से अब सर्व आदिवासी समाज ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आंदोलन का रास्ता अपनाया है। समाज की मांग है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। प्रदर्शन के चलते कलेक्टोरेट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।











