BJP Gen Z Plan : देश के युवाओं, खासकर Gen-Z तक अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति में बदलाव किया है। पार्टी अब केवल सोशल मीडिया के जरिए संदेश पहुंचाने के बजाय युवाओं के साथ सीधे और दोतरफा संवाद पर जोर देगी। इसके तहत सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेता कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थानों में जाकर छात्रों से बातचीत करेंगे। खास बात यह होगी कि इन कार्यक्रमों को सीधे तौर पर राजनीतिक मंच का रूप नहीं दिया जाएगा।
14 साल की उम्र से शुरू होगा युवा संवाद
बीजेपी का नया Gen-Z कनेक्ट अभियान केवल 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। पार्टी अब 14 से 22 वर्ष के आयु वर्ग को भी अपने संवाद अभियान में शामिल करने की तैयारी कर रही है। पार्टी रणनीतिकारों का मानना है कि सोशल मीडिया के दौर में किशोर और युवा कम उम्र में ही अपनी राय बनाने लगते हैं और कई बार परिवार के फैसलों को भी प्रभावित करते हैं।
सोशल मीडिया पर इंटरैक्टिव कंटेंट पर जोर
युवाओं तक पहुंच बनाने के लिए Instagram, Snapchat और Reddit जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म को भी रणनीति का अहम हिस्सा बनाया जाएगा। पार्टी की कोशिश विजुअल कंटेंट, शॉर्ट वीडियो और इंटरैक्टिव संवाद के जरिए युवाओं से जुड़ने की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्टिकल वीडियो और सेल्फी आधारित संवाद के प्रयोग को भी इसी डिजिटल रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
नितिन नवीन ने विशाखापत्तनम में किया संवाद
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने 18 अगस्त को विशाखापत्तनम में Gen-Z युवाओं के साथ बातचीत की। इस दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों और सरकार की योजनाओं पर चर्चा की गई। पार्टी की योजना है कि ऐसे संवादों को देश के अलग-अलग हिस्सों में लगातार आगे बढ़ाया जाए, ताकि युवा केवल पार्टी का संदेश सुनने वाले न रहें, बल्कि अपनी समस्याएं और सुझाव भी सीधे नेताओं तक पहुंचा सकें।
कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पहुंचेगा नेतृत्व
बीजेपी का Gen-Z कनेक्ट केवल ऑनलाइन अभियान तक सीमित नहीं रहेगा। सांसद, विधायक, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारी कॉलेज, विश्वविद्यालय, कोचिंग सेंटर और स्पोर्ट्स क्लबों में युवाओं के बीच जाएंगे। बातचीत की शुरुआत परीक्षा, पाठ्यक्रम, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और करियर जैसे विषयों से की जाएगी। यदि छात्र राजनीतिक मुद्दे उठाते हैं, तो नेताओं से संवाद के माध्यम से उनका जवाब देने की अपेक्षा की जाएगी।
पूरे साल जारी रहेगा अभियान
पार्टी ने इस अभियान के लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की है। इसे पूरे साल चलाने की योजना है। प्रदेश स्तर के संगठन इसकी गतिविधियों की निगरानी करेंगे और उनकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी। IIT, IIM और प्रमुख शोध संस्थानों में स्थानीय सांसदों के साथ केंद्रीय स्तर के नेताओं के संवाद आयोजित करने की भी योजना है।
कोचिंग संस्थानों पर विशेष फोकस
बीजेपी की रणनीति में कोचिंग संस्थानों को भी खास महत्व दिया गया है। पार्टी का मानना है कि एक शिक्षक अपने क्लासरूम और ऑनलाइन माध्यमों के जरिए बड़ी संख्या में युवाओं तक पहुंच सकता है। कोटा, पटना, प्रयागराज, बेंगलुरु, विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम जैसे प्रमुख शिक्षा केंद्रों में इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम करने की तैयारी है।
युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने की तैयारी
Gen-Z से संवाद के साथ-साथ बीजेपी संगठन और सरकार में युवा चेहरों को आगे बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है। पार्टी की रणनीति का उद्देश्य केवल युवाओं तक अपनी विचारधारा और योजनाओं की जानकारी पहुंचाना नहीं है, बल्कि उनकी समस्याओं को समझना और लगातार संपर्क बनाए रखना भी है।
युवाओं के बढ़ते आंदोलनों के बीच नई पहल
बीजेपी ने यह रणनीति ऐसे समय में तैयार की है, जब देश के कई हिस्सों में युवाओं और छात्रों की राजनीतिक एवं सामाजिक सक्रियता बढ़ी है। नीट पेपर लीक जैसे मुद्दों के बाद छात्रों के आंदोलनों ने युवाओं से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है। ऐसे माहौल में बीजेपी का नया अभियान युवाओं के साथ जमीनी और डिजिटल दोनों स्तरों पर संपर्क बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
संवाद से भविष्य का नेतृत्व तैयार करने की कोशिश
पार्टी की नई योजना में युवाओं को केवल राजनीतिक संदेश का माध्यम बनाने के बजाय उनकी बात सुनने पर जोर दिया जा रहा है। विधानसभा स्तर पर युवा टीमों के गठन से लेकर बड़े शिक्षण संस्थानों में संवाद तक, बीजेपी संगठनात्मक स्तर पर लंबे समय की तैयारी कर रहा है। इसके जरिए पार्टी भविष्य के लिए युवा नेतृत्व तैयार करने और Gen-Z के साथ निरंतर संबंध मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है।
Read More : Iran Warning: ईरानी जनरल ने खाड़ी देशों को चेताया, कहा- ‘हमारी नजरों से कुछ भी छिपा नहीं’