Box Office : बुधवार यानी 19 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़े सामने आ गए हैं। इस दिन भी इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने बाकी फिल्मों के मुकाबले सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। हालांकि रिलीज के छठे दिन फिल्म की कमाई में गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर मजबूत स्थिति में बनी हुई है। वहीं ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा।
छठे दिन आवारापन 2 ने कमाए 6.75 करोड़ रुपये
सैकनिल्क की शुरुआती ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को 11,071 शो के जरिए करीब 6.75 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर लगभग 107.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 128.29 करोड़ रुपये बताया गया है।
विदेशों में भी जारी है आवारापन 2 का प्रदर्शन
फिल्म ने विदेशी बाजार में भी अपनी पकड़ बनाए रखी है। रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को ‘आवारापन 2’ ने विदेशों में करीब 1.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन लगभग 25.30 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं दुनिया भर में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई करीब 153.59 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
बंटवारा 1947 की कमाई दूसरे करोड़ के पार नहीं पहुंची
सनी देओल स्टारर पीरियड ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के लिए बुधवार का दिन कुछ खास नहीं रहा। रिलीज के छठे दिन फिल्म 2 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने 6,475 शो के जरिए लगभग 1.40 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन करीब 32.15 करोड़ रुपये हो गया है।
बंटवारा 1947 का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 45 करोड़ के पार
विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी ‘बंटवारा 1947’ की कमाई सीमित रही। छठे दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में करीब 50 लाख रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ विदेशों में फिल्म की कुल कमाई लगभग 7.25 करोड़ रुपये हो गई है। वहीं भारत और विदेशों को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 45.42 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
विश्वनाथ एंड संस ने छठे दिन भी दिखाया दम
सूर्या की फिल्म ‘विश्वनाथ एंड संस’ ने बुधवार को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाए रखी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने छठे दिन 5,093 शो से लगभग 5.10 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई बढ़कर 77.40 करोड़ रुपये और घरेलू ग्रॉस कलेक्शन करीब 89.49 करोड़ रुपये हो गया है।
विश्वनाथ एंड संस की वर्ल्डवाइड कमाई 135 करोड़ के पार
विदेशी बाजार में फिल्म ने बुधवार को लगभग 1 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन करीब 46 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। भारत और विदेशों की कमाई जोड़ने के बाद ‘विश्वनाथ एंड संस’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 135.49 करोड़ रुपये हो गया है।
स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे की रफ्तार तीसरे हफ्ते धीमी
टॉम हॉलैंड की ‘स्पाइडर मैन ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में शानदार कमाई की, लेकिन अब तीसरे सप्ताह में इसकी रफ्तार धीमी पड़ती दिखाई दे रही है। रिलीज के 21वें दिन यानी तीसरे बुधवार को फिल्म ने 3,291 शो से करीब 1.80 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन लगभग 473.50 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन करीब 566.07 करोड़ रुपये हो गया है।
डीसी ने दूसरे बुधवार को 1.56 करोड़ रुपये कमाए
लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की फिल्म ‘डीसी’ ने भी बुधवार को बॉक्स ऑफिस पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। रिलीज के 13वें दिन यानी दूसरे बुधवार को फिल्म ने 2,112 शो से करीब 1.56 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 60.13 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 69.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
डीसी का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 90 करोड़ के पार
विदेशी बाजार में ‘डीसी’ का प्रदर्शन भी ठीक रहा है। फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन अब लगभग 21.50 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस तरह भारत और विदेशों की कमाई मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 90.73 करोड़ रुपये हो गया है। बुधवार के आंकड़ों में ‘आवारापन 2’ सबसे आगे रही, जबकि ‘विश्वनाथ एंड संस’ ने भी मजबूत प्रदर्शन किया।
Read More : Monkey Viral Video : अयोध्या में बंदर ले भागा महिला के 42 हजार, पुलिस ने केला खिलाकर छुड़ाए पैसे