अंबिकापुर के नमनाकला में टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 8 वर्षीय चिराग सिंह की मौत हो गई। राखी के दिन हादसे से परिवार में पसरा मातम, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल।
अंबिकापुर के नमनाकला में टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 8 वर्षीय चिराग सिंह की मौत हो गई। राखी के दिन हादसे से परिवार में पसरा मातम, बिजली विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल।

Power Negligence : राखी जैसे खुशियों के त्योहार के दिन अंबिकापुर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। नमनाकला इलाके में कार्मेल स्कूल के समीप खंभे से टूटकर लटक रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। बच्चा साइकिल चलाते हुए सड़क से गुजर रहा था, तभी वह खुले हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे की पहचान चिराग सिंह (8 वर्ष), पिता चिंटू सिंह, निवासी नमनाकला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार्मेल स्कूल के समीप बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार टूटकर नीचे लटक रहा था। इसी दौरान चिराग साइकिल चलाते हुए वहां से गुजर रहा था और तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।

हादसे के बाद परिजन बच्चे को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद मासूम की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। त्योहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम की मौत की खबर से इलाके में भी शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंबिकापुर शहर के कई मोहल्लों में बिजली के तारों की स्थिति चिंताजनक है। कहीं तार झूल रहे हैं तो कहीं टूटे हुए तार लंबे समय तक सड़क या लोगों की आवाजाही वाले स्थानों के आसपास पड़े रहते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नमनाकला की घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और समय पर मेंटेनेंस को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए केवल बिजली विभाग ही नहीं, बल्कि वार्डवासियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी बनती है। यदि कहीं बिजली का तार टूटकर लटकता हुआ दिखाई दे तो उसके आसपास लोगों को जाने से रोकने के साथ तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी जानी चाहिए। समय रहते विद्युत आपूर्ति बंद कराकर टूटे तार को हटाया जाए तो किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।

मासूम चिराग की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या बिजली विभाग हादसे के बाद जागेगा या अगली घटना का इंतजार करेगा?


© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
