UP Govt Jobs 2026: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने अगले करीब साढ़े तीन महीनों में एक लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में रोजगार देने का लक्ष्य तय किया है। भर्ती प्रक्रिया में सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस विभाग से जुड़ा है। इसके अलावा अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और सहकारी संस्थागत सेवा मंडल की ओर से भी कई पदों पर भर्ती और परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी चल रही है।
मुख्य सचिव की बैठक में भर्ती प्रक्रिया की समीक्षा
हाल ही में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश की विभिन्न भर्ती संस्थाओं के अधिकारियों ने चल रही परीक्षाओं और परिणामों की स्थिति की जानकारी दी। बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि कई परीक्षाएं पहले ही आयोजित हो चुकी हैं और अब उनके परिणाम जारी करने की तैयारियां की जा रही हैं, जिससे सफल अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति मिल सके।
पुलिस विभाग में 74,103 पदों पर भर्ती
पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से कुल 74,103 पदों पर युवाओं को सेवायोजित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। इसमें होमगार्ड के 41,424 पद और आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679 पद शामिल हैं। इन भर्तियों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार परीक्षा दे चुके हैं और अब उन्हें परिणाम का इंतजार है।
होमगार्ड और कांस्टेबल भर्ती के रिजल्ट जल्द
पुलिस भर्ती बोर्ड के अनुसार होमगार्ड भर्ती का परिणाम 30 सितंबर तक जारी किए जाने की संभावना है। वहीं आरक्षी नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों की भर्ती का परिणाम 31 अक्टूबर तक घोषित किए जाने की तैयारी है। परीक्षा पूरी होने के बाद अब परिणाम और आगे की चयन प्रक्रिया पर अभ्यर्थियों की नजर बनी हुई है। रिजल्ट आने के बाद चयनित युवाओं के लिए नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से 25,194 युवाओं को मौका
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए भी हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी देने की तैयारी है। आयोग की ओर से विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के परिणाम निर्धारित समयसीमा में जारी करने की योजना बनाई गई है। जानकारी के मुताबिक, 15 दिसंबर तक करीब 25,194 युवाओं को अलग-अलग पदों पर नियुक्ति दिए जाने की संभावना है। इससे लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं के परिणाम का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों को राहत मिल सकती है।
अगस्त से नवंबर तक कई भर्ती परिणाम संभावित
आयोग के कार्यक्रम के अनुसार कनिष्ठ सहायक के 54 पदों का परिणाम 31 अगस्त तक आने की संभावना है। वहीं सम्मिलित कनिष्ठ सहायक और अन्य पदों से संबंधित 5,369 पदों का परिणाम 10 सितंबर तक जारी किया जा सकता है। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 5,272 पद, नक्शानवीस एवं मानचित्र के 283 पद और प्रवर्तन कांस्टेबल के 477 पदों के परिणाम 30 सितंबर तक घोषित होने की संभावना है।
लेखपाल समेत इन पदों के परिणाम भी आएंगे
भर्ती कैलेंडर के अनुसार सहायक स्टोर कीपर और सहायक ग्रेड के 200 पदों का परिणाम 7 अक्टूबर तक आने की संभावना है। वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक के 709 पदों का परिणाम 15 अक्टूबर तक जारी किया जा सकता है। इसके अलावा लेखपाल के 7,994 पदों का परिणाम 10 नवंबर तक आने की उम्मीद है। आशुलिपिक के 1,557 पदों का परिणाम 30 नवंबर और कनिष्ठ सहायक के 3,279 पदों का परिणाम 15 दिसंबर तक जारी किए जाने की संभावना है।
सहकारी संस्थागत सेवा मंडल में 2,200 पद
उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल भी भर्ती प्रक्रिया को तेज करने की तैयारी में है। सम्मिलित सहकारी बैंकिंग एवं तकनीकी सेवा के करीब 2,200 पदों के लिए सितंबर और अक्टूबर के दौरान परीक्षा आयोजित किए जाने की योजना है। इन पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद अंतिम परिणाम 30 नवंबर तक जारी किए जाने की संभावना जताई गई है।
युवाओं को नियुक्ति का इंतजार
सरकारी विभागों में बड़ी संख्या में भर्तियों और परिणाम जारी करने की प्रस्तावित समयसीमा से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदें बढ़ी हैं। यदि भर्ती संस्थाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाओं और परिणामों की प्रक्रिया पूरी करती हैं, तो अगले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का रास्ता साफ हो सकता है। पुलिस, लेखपाल, स्वास्थ्य, वन और अन्य विभागों की भर्तियां युवाओं के लिए रोजगार के महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती हैं।
Read More : Farming Tips : गाजर घास बनी किसानों की नई मुसीबत! फसल घटाने के साथ सेहत पर असर, जानें कैसे करें खत्म