BRICS Summit 2026 : दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत मंडपम, प्रगति मैदान में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन से पहले दिल्ली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर एडवाइजरी जारी की है। सम्मेलन में आने वाले VVIP मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए कई प्रमुख मार्गों पर बदलाव किए जाएंगे।
आज दोपहर से होगा VVIP कारकेड रिहर्सल
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक VVIP कारकेड रिहर्सल आयोजित की जाएगी। इस दौरान लुटियंस दिल्ली और आसपास के इलाकों में यातायात नियंत्रित किया जाएगा। करीब 22 प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट्स के साथ 35 से अधिक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने वाहन चालकों से इस दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
यात्रियों को मेट्रो इस्तेमाल करने की सलाह
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी ले लें और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय रखें। निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा। यदि निजी वाहन से यात्रा करना जरूरी हो, तो वाहन चालक डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को प्राथमिकता के साथ रास्ता दिया जाएगा।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध
रिहर्सल के दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग और राजेश पायलट मार्ग समेत कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित रहेगा। इसके अलावा सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्या मार्ग और शांति पथ भी प्रभावित हो सकते हैं।
जनपथ और बाराखंबा रोड पर भी बदलाव
यातायात नियंत्रण वाले अन्य मार्गों में जनपथ, अशोक रोड, बाराखंबा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और कमाल अतातुर्क मार्ग शामिल हैं। एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एनक्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।
डब्ल्यू-पॉइंट पर इन रास्तों से बचें
डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक यानी डब्ल्यू-पॉइंट से मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली से आने वाले वाहन बीएसजेड मार्ग और आईपी मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं मध्य, उत्तर और पश्चिम दिल्ली से आने वाले यात्रियों को दिल्ली गेट के रास्ते जाने की सलाह दी गई है।
ए-पॉइंट और मीर दर्द चौक पर डायवर्जन
राम चरण अग्रवाल चौक यानी ए-पॉइंट से कमर्शियल वाहनों को डब्ल्यू-पॉइंट की दिशा में जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहन आईपी मार्ग और डीडीयू मार्ग का विकल्प चुन सकते हैं। मीर दर्द चौक पर महाराजा रणजीत सिंह मार्ग की आवाजाही प्रभावित रहेगी। यात्रियों को मीर दर्द मार्ग, कोटला मार्ग और बीएसजेड मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।
सी-हेक्सागन और आरएमएल अस्पताल के पास बदलाव
कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी-हेक्सागन की ओर जाने वाले मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। वाहन चालक आउटर सर्किल और अन्य प्रमुख सड़कों का उपयोग कर सकते हैं। वहीं आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर से मदर टेरेसा क्रीसेंट और तालकटोरा रोड की ओर जाने वाला रास्ता बंद रहेगा। वैकल्पिक तौर पर शेख मुजीबुर रहमान मार्ग या बाबा खड़क सिंह मार्ग अपनाया जा सकता है।
धौला कुआं और मोती बाग से जाने वालों के लिए सलाह
धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर के आसपास सरदार पटेल मार्ग तथा शांति पथ प्रभावित रहेंगे। आईजीआई एयरपोर्ट और गुरुग्राम की ओर जाने वाले यात्रियों को रिंग रोड, वंदे मातरम मार्ग या राव तुला राम मार्ग का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। इससे VVIP कारकेड के दौरान मुख्य मार्गों पर दबाव कम किया जा सकेगा।
लोधी रोड और ओबेरॉय फ्लाईओवर पर भी प्रतिबंध
लोधी रोड और ओबेरॉय फ्लाईओवर के आसपास भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली जाएगी। ओबेरॉय होटल और गोल्फ लिंक की ओर जाने वाले वाहनों को ही ओबेरॉय फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने की अनुमति होगी। अन्य वाहनों को लाला लाजपत राय मार्ग या आश्रम चौक की ओर जाने वाले वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
ट्रैफिक प्लान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना
दिल्ली पुलिस का यह ट्रैफिक प्लान VVIP कारकेड की रिहर्सल के दौरान सुरक्षा और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान कई देशों के शीर्ष नेता और प्रतिनिधि दिल्ली पहुंचेंगे। ऐसे में पुलिस ने लोगों से सहयोग करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की है।
Read More : ENG vs PAK: तीसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने घोषित की टीम, इस गेंदबाज को किया बाहर