Belgium PM India Visit : बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर ने अमेरिका की बदलती टैरिफ और व्यापार नीतियों पर बिना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नाम लिए तीखी टिप्पणी की। मुंबई में शुक्रवार को आयोजित भारत-बेल्जियम हाई-लेवल डायलॉग में उन्होंने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में व्यापारिक बाधाएं बढ़ाने, बाजार बंद करने और आयात शुल्क लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। उन्होंने ऐसे फैसलों को मनमाना बताते हुए खुले बाजार और मजबूत आर्थिक साझेदारी की जरूरत पर जोर दिया।
‘सोमवार को फैसला, बुधवार को वापस’ पर तंज
भारत की तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर आए डी वेवर ने बढ़ते संरक्षणवाद पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि कुछ देश व्यापार को लेकर ऐसे निर्णय लेते हैं, जिनमें स्थिरता नजर नहीं आती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि सोमवार को कोई फैसला लिया जाता है, बुधवार को उसे वापस ले लिया जाता है और शनिवार को फिर से लागू कर दिया जाता है। उनके इस बयान को अमेरिकी टैरिफ नीति में बार-बार होने वाले बदलावों से जोड़कर देखा गया।
तालियों पर बोले- आप जानते हैं मैं किसकी बात कर रहा
बेल्जियम के प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं। इस पर डी वेवर ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि तालियों से उन्हें समझ आ रहा है कि लोग जानते हैं कि वह किसकी बात कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया। इसके बावजूद उनके बयान को ट्रंप प्रशासन की व्यापार नीतियों पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी माना गया।
बाजार को बिगाड़ने वाले देशों पर भी निशाना
डी वेवर ने कहा कि दुनिया में लगाए जाने वाले सभी व्यापार प्रतिबंधों को एक नजर से नहीं देखा जा सकता। उनके मुताबिक कुछ देश मनमाने तरीके से व्यापारिक फैसले लेते हैं, जबकि कुछ अन्य व्यवस्थित और जानबूझकर बाजार को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक और आर्थिक अनिश्चितता के दौर में वैश्विक व्यापार व्यवस्था नियमों पर आधारित और अनुमान के मुताबिक चलने वाली होनी चाहिए।
पीएम मोदी की बार्ट डी वेवर ने की तारीफ
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मोदी से मिलना उनके लिए सम्मान की बात है और वह उन्हें दुनिया के प्रेरणादायक नेताओं में से एक मानते हैं। डी वेवर ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया बेहद अनिश्चित दौर से गुजर रही है और कई वैश्विक नेताओं के बयानों से डर, बेचैनी और खतरे का एहसास होता है।
मोदी को बताया समझदार और प्रेरणादायक नेता
डी वेवर ने कहा कि मौजूदा अराजक वैश्विक माहौल के बीच प्रधानमंत्री मोदी की बातों से उन्हें स्थिरता और समझदारी का संदेश मिलता है। उन्होंने मोदी को एक समझदार नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण है। बेल्जियम पीएम की यह टिप्पणी दोनों देशों के बीच बढ़ते राजनीतिक संबंधों को भी दर्शाती है।
भारत और बेल्जियम के बीच बढ़ रहा सहयोग
भारत और बेल्जियम अब पारंपरिक व्यापार संबंधों के साथ-साथ रक्षा, क्लीन एनर्जी, टेक्नोलॉजी और लॉजिस्टिक्स जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े समझौता ज्ञापनों पर भी हस्ताक्षर किए गए। दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते पर भी चर्चा
मुंबई में आयोजित हाई-लेवल डायलॉग के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी चर्चा हुई। खुले बाजार और व्यापारिक सहयोग को लेकर बेल्जियम की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। डी वेवर ने संकेत दिया कि बदलते वैश्विक व्यापार माहौल में भारत और यूरोप के बीच मजबूत आर्थिक संबंध दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
रक्षा और व्यापार मंत्री भी भारत दौरे पर
बार्ट डी वेवर फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बने थे और प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। उनके साथ बेल्जियम के रक्षा और विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन के अलावा वरिष्ठ अधिकारी तथा कारोबारी नेताओं का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इस यात्रा को दोनों देशों के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Read More : Bear Attack : उत्तराखंड में भालू का खौफ! बचने के दौरान गहरी खाई में गिरीं दो महिलाएं, एक की मौत