ISRO Recruitment 2026 : सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी ISRO की इकाई इसरो प्रोपल्सन कॉम्प्लेक्स (IPRC), महेंद्रगिरी, तमिलनाडु ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 22 रिक्त पदों को भरा जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी।
5 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार IPRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 5 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक भर्ती अधिसूचना में दी गई योग्यता, आयु सीमा, शुल्क और अन्य शर्तों को ध्यान से जरूर पढ़ लें।
22 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान में टेक्निकल असिस्टेंट के 5 पद, टेक्निशियन बी के 13 पद, कुक ए का 1 पद और फायरमैन ए के 3 पद शामिल हैं। टेक्निकल असिस्टेंट की रिक्तियां ऑटोमोबाइल, मैकेनिकल तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन से संबंधित हैं। वहीं टेक्निशियन बी के लिए फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन और रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग ट्रेड में अवसर दिए गए हैं।
10वीं और ITI पास उम्मीदवारों के लिए अवसर
टेक्निशियन बी के पदों के लिए उम्मीदवार का 10वीं कक्षा पास होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में ITI और NCVT से मान्यता प्राप्त NTC या NAC प्रमाणपत्र होना चाहिए। कुक ए पद के लिए भी 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें मान्यता प्राप्त होटल या कैंटीन में कुक के तौर पर कम से कम 5 वर्ष का अनुभव होना आवश्यक है।
फायरमैन और टेक्निकल असिस्टेंट की योग्यता
फायरमैन ए पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ निर्धारित शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल होना जरूरी होगा। दूसरी ओर, टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए संबंधित इंजीनियरिंग विषय में फर्स्ट क्लास डिप्लोमा मांगा गया है। इसलिए उम्मीदवार अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार ही पद का चयन करें।
1.42 लाख रुपये तक मिल सकता है वेतन
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार अलग-अलग पे लेवल के तहत वेतन दिया जाएगा। टेक्निकल असिस्टेंट पद पे लेवल-7 में है, जिसमें 44,900 रुपये से लेकर 1,42,400 रुपये तक वेतन निर्धारित है। टेक्निशियन बी के लिए पे लेवल-3 के तहत 21,700 से 69,100 रुपये और कुक ए व फायरमैन ए के लिए पे लेवल-2 के तहत 19,900 से 63,200 रुपये तक वेतन मिलेगा।
आवेदन शुल्क कितना देना होगा?
टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए आवेदन शुल्क 750 रुपये रखा गया है। वहीं टेक्निशियन बी, कुक ए और फायरमैन ए पदों के लिए उम्मीदवारों को 500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। शुल्क भुगतान निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा।
लिखित परीक्षा में होगी नेगेटिव मार्किंग
टेक्निकल असिस्टेंट और टेक्निशियन बी के चयन में लिखित परीक्षा के बाद स्किल टेस्ट होगा। दोनों परीक्षाओं में 80 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे और परीक्षा के लिए 90 मिनट का समय मिलेगा। प्रत्येक सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा, जबकि गलत जवाब पर 0.33 अंक की कटौती होगी। कुक ए के लिए लिखित परीक्षा के बाद स्किल टेस्ट और फायरमैन ए के लिए लिखित परीक्षा, फिजिकल दक्षता परीक्षा तथा मेडिकल जांच होगी। कुक और फायरमैन की लिखित परीक्षा में 100 प्रश्न होंगे और अवधि 120 मिनट रहेगी। गलत उत्तर पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।
IPRC भर्ती 2026 में ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले IPRC की आधिकारिक वेबसाइट iprc.gov.in पर जाएं। इसके बाद संबंधित भर्ती के ऑनलाइन आवेदन लिंक पर क्लिक करें और रजिस्ट्रेशन पूरा करें। अब व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरकर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें। निर्धारित आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद उसकी कॉपी और शुल्क भुगतान की रसीद सुरक्षित रख लें।
Read More : US Space Weapons : अमेरिका ने पहली बार मानी अंतरिक्ष में हथियारों की मौजूदगी, चीन-रूस से बढ़ा खतरा