CG Cabinet Meeting : छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूरे होने पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके जरिए राज्य में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई, गरीब कल्याण, किसानों की आर्थिक सहायता, महिलाओं के सशक्तीकरण और बुनियादी ढांचे के विस्तार को प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया।
नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और बस्तर में विकास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद लंबे समय से छत्तीसगढ़ के विकास में बड़ी बाधा बना हुआ था। उनके अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से 31 मार्च 2026 को नक्सल समस्या से निर्णायक मुक्ति मिली। उन्होंने बताया कि नक्सल उन्मूलन के लिए केंद्र से 2,080 करोड़ रुपये की विशेष सहायता मिली। प्रभावित इलाकों में सड़क निर्माण के साथ हिंसा के कारण बंद पड़े 421 स्कूलों को फिर से शुरू किया गया।
आवास, उज्ज्वला और स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ
सीएम साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 20.65 लाख और शहरी क्षेत्रों में 2.25 लाख आवास पूरे होने की जानकारी दी। उज्ज्वला योजना के अंतर्गत प्रदेश की 39.73 लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए गए। वहीं, आयुष्मान भारत योजना के जरिए 51.17 लाख लोगों को लगभग 11,877 करोड़ रुपये का निःशुल्क उपचार मिलने की बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक, 73 लाख परिवारों के करीब 1.99 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
किसानों और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ छत्तीसगढ़ के 26.57 लाख किसानों तक पहुंचा है। उनके अनुसार, प्रदेश में धान उपार्जन 141 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचा। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के माध्यम से 33,431 करोड़ रुपये और बोनस के रूप में 10,292 करोड़ रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा, महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की सहायता दी जा रही है।
निवेश प्रस्तावों से रोजगार की उम्मीद
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ को 8.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनसे 1.60 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के लिए 35,766 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रेल परियोजनाओं में लगभग 54 हजार करोड़ रुपये के काम जारी हैं। ऊर्जा क्षेत्र में करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने का भी उल्लेख किया गया।
जनजातीय क्षेत्रों और राष्ट्रीय सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री के अनुसार, जनजातीय बहुल 6,000 से अधिक गांवों में विकास कार्य चल रहे हैं। पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के 56 हजार से अधिक परिवारों को आवास, सड़क और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक, ऑपरेशन सिंदूर, अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण को भी केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया।
2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ तैयार किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास योजनाओं, निवेश, रोजगार और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के जरिए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण तथा विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने के लिए काम करेगी।
Read More : Vote Chori Allegations : वोट चोरी के आरोपों पर मल्लिकार्जुन खरगे का हमला, CEC के खिलाफ INDIA गठबंधन के प्रदर्शन का ऐलान