बलरामपुर के पस्ता थाना क्षेत्र में शिक्षक से कथित तौर पर 10 हजार रुपये मांगने, धमकी देने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए।
बलरामपुर के पस्ता थाना क्षेत्र में शिक्षक से कथित तौर पर 10 हजार रुपये मांगने, धमकी देने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के मामले में यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे गए।

YouTuber arrested : शिक्षक को कथित तौर पर धमकाकर 10 हजार रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर बदनाम करने के मामले में पस्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में यूट्यूबर दीपक यादव सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक शासकीय स्कूल में पहुंचकर बिना अनुमति वीडियो बनाया और शिक्षक को नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी थी। तीनों आरोपियों ने 14 अक्टूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। बाद में तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पस्ता थाना क्षेत्र स्थित शासकीय प्राथमिक शाला पुटसु का है। यहां पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके सहयोगियों ने अपने फाउंडेशन के लिए 10 हजार रुपये की मांग की थी।

शिकायत के मुताबिक, 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव विद्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बिना अनुमति वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि उन्होंने शिक्षक के साथ अभद्र व्यवहार किया और रुपये नहीं देने पर वीडियो को यूट्यूब एवं फेसबुक पर वायरल कर बदनाम करने तथा नौकरी से निलंबित करवाने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि यूट्यूबर दीपक यादव ने अन्य आरोपियों के सहयोग से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। इससे उनकी व्यक्तिगत एवं सामाजिक प्रतिष्ठा के साथ विद्यालय की छवि भी प्रभावित हुई। शिकायत के आधार पर पस्ता थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस ने विवेचना के दौरान शिकायतकर्ता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव जब्त की गई। शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी प्राप्त किए गए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक यादव ने अग्रिम जमानत के लिए बिलासपुर हाईकोर्ट में आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया।
14 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी की अनुमति लेकर पुलिस ने उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में यूट्यूबर दीपक यादव (23 वर्ष), श्रवण यादव (34 वर्ष) और सूर्या यादव (20 वर्ष) शामिल हैं। तीनों बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बलरामपुर पुलिस ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को प्रभावित करने वाली सामग्री प्रसारित करने से पहले तथ्यों की सत्यता सुनिश्चित करें। यदि कोई व्यक्ति धमकी देता है या अवैध रूप से रुपये की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में दें।

© 2026 | All Rights Reserved | Thetarget365.com | Made By Top News Portal Development Company.
Call Us At – +91-:9406130006
WhatsApp – +91 62665 68872
Mail Us At – thetargetweb@gmail.com
Meet Us At – Shitla Ward, Ambikapur Dist. Surguja Chhattisgarh.497001.
