AFCON 2025 Champions : अफ्रीकी फुटबॉल में लंबे समय से चल रहे विवाद पर अब बड़ा फैसला आया है। खेल पंचाट न्यायालय (CAS) ने 2025 अफ्रीका कप ऑफ नेशंस (AFCON) के फाइनल को लेकर सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन (FSF) की अपील स्वीकार कर ली है। मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को सुनाए गए फैसले में CAS ने अफ्रीकी फुटबॉल परिसंघ (CAF) के अपील बोर्ड के निर्णय को रद्द कर दिया। इसके साथ ही सेनेगल की 1-0 से जीत को आधिकारिक रूप से बहाल कर दिया गया है। इस फैसले के बाद मोरक्को से AFCON 2025 का खिताब वापस लेकर सेनेगल को विजेता घोषित कर दिया गया। CAS का निर्णय तीन सदस्यीय पैनल ने सर्वसम्मति से सुनाया।
जनवरी के फाइनल में क्या हुआ था?
सेनेगल और मेजबान मोरक्को के बीच AFCON 2025 का फाइनल 18 जनवरी 2026 को खेला गया था। मुकाबले के निर्धारित समय के आखिरी हिस्से में विवाद तब शुरू हुआ, जब रेफरी ने मोरक्को को पेनल्टी दे दी। इससे पहले सेनेगल का एक गोल अमान्य करार दिया गया था। पेनल्टी के फैसले से नाराज होकर सेनेगल के कई खिलाड़ी विरोध जताते हुए मैदान से बाहर चले गए।

इस वजह से खेल लगभग 15 मिनट तक रुका रहा। बाद में खिलाड़ी वापस मैदान पर लौटे और रेफरी ने मुकाबला दोबारा शुरू कराया। मोरक्को के ब्राहिम डियाज पेनल्टी को गोल में बदलने में नाकाम रहे। सेनेगल के गोलकीपर एडुआर्ड मेंडी ने उनका प्रयास रोक दिया। इसके बाद मुकाबला अतिरिक्त समय में पहुंचा, जहां पापे गुये ने सेनेगल के लिए निर्णायक गोल दागा। इस तरह सेनेगल ने 1-0 से फाइनल जीत लिया।

CAF ने मोरक्को को कैसे घोषित किया था विजेता?
मैच के बाद मोरक्को फुटबॉल फेडरेशन ने सेनेगल के खिलाड़ियों के मैदान छोड़ने को लेकर शिकायत की थी। CAF की अपील बोर्ड ने 17 मार्च 2026 को फैसला सुनाते हुए सेनेगल को मैच गंवाने वाला घोषित कर दिया। बोर्ड ने प्रतियोगिता के अनुच्छेद 84 के तहत मोरक्को को 3-0 से विजेता माना और उसे खिताब सौंप दिया।
CAF के नियमों के अनुच्छेद 82 और 84 के अनुसार, यदि कोई टीम रेफरी की अनुमति के बिना मुकाबला पूरा होने से पहले मैदान छोड़ देती है या खेलने से इनकार करती है, तो उसे मैच गंवाना पड़ सकता है। इसी प्रावधान के आधार पर सेनेगल के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।

CAS ने किस आधार पर पलटा CAF का फैसला?
सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन ने CAF के फैसले को CAS में चुनौती दी थी। उसकी दलील थी कि मुकाबला दोबारा शुरू करने या स्थायी रूप से रोकने का अधिकार रेफरी के पास था। CAS ने माना कि रेफरी का खेल फिर शुरू कराने का फैसला मैदान पर लिए गए निर्णय के दायरे में आता है। चूंकि दोनों टीमें वापस आकर खेलने को तैयार थीं और मुकाबला पूरा हुआ, इसलिए मैच को वॉकओवर मानकर 3-0 का परिणाम देना उचित नहीं था।
मोरक्को करेगा फैसले को चुनौती देने का प्रयास
CAS के फैसले पर रॉयल मोरक्कन फुटबॉल फेडरेशन (FRMF) ने हैरानी जताई है। उसने पैनल के सदस्य उलरिच हास और सेनेगल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष के बीच कथित संपर्क को लेकर सवाल उठाए हैं और कानूनी विकल्प अपनाने की बात कही है। हालांकि, इस कथित संपर्क के आरोपों से संबंधित पक्षों ने इनकार किया है।
सेनेगल को खिताब, लेकिन अनुशासनात्मक कार्रवाई बरकरार
CAS के फैसले से सेनेगल का खिताब तो बहाल हो गया, लेकिन फाइनल से जुड़े अलग अनुशासनात्मक मामलों में पहले लगाई गई सजा बरकरार है। यानी कोच पापे थियाव और कुछ खिलाड़ियों पर CAF की ओर से की गई अनुशासनात्मक कार्रवाई इस फैसले से अपने आप समाप्त नहीं हुई।
Read More : Instagram New Feature: स्टोरी एडिट करने पर भी नहीं हटेंगे व्यूज, जानिए Instagram के नए अपडेट की खास बातें

