Ambikapur Crime : सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में दर्ज गैंगरेप के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोप है कि दोनों ने पीड़िता को डरा-धमकाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी देकर बंधक बनाकर रखा। किसी तरह वहां से निकलने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

जानकारी के मुताबिक, 27 मई 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी गुरविंदर सिंह ने कथित रूप से पीड़िता को पकड़ लिया, जबकि उसके साथी रितिक विश्वास ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना के बाद दोनों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर एक घर में बंधक बनाकर रखा।

पीड़िता किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही और अपने परिचितों को घटना की जानकारी देने के बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में थाना गांधीनगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रितिक विश्वास (21 वर्ष), निवासी सिलफिली बंगालीपारा, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर और गुरविंदर सिंह (26 वर्ष), निवासी डिगमा, थाना गांधीनगर, जिला सरगुजा शामिल है। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











