Ambikapur News : सरगुजा जिले में नाबालिग से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने आरोपी की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली, जिला सरगुजा में दर्ज अपराध क्रमांक 504/2026 के तहत बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के मामले में भफौली निवासी तरुण जायसवाल पर नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए फरार आरोपी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित किया है। आदेश के अनुसार जो भी व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी ठोस जानकारी देगा जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, अथवा आरोपी को गिरफ्तार कराएगा या स्वयं गिरफ्तार करेगा, उसे घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी। पुरस्कार वितरण के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक, जिला सरगुजा का होगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी तरुण जायसवाल के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने के लिए पुलिस ने पुलिस अधीक्षक, सरगुजा 94791-93501, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सरगुजा 94791-93502, नगर पुलिस अधीक्षक, अंबिकापुर 94791-93503 और पुलिस नियंत्रण कक्ष, सरगुजा 94791-93599 का नम्बर जारी किया है।











