रामगढ़ पहाड़ी के दुर्गम जंगलों में वन विभाग का सफल रेस्क्यू ऑपरेशन, ट्रेंकुलाइज करने के बाद जंगल में ही छोड़ा गया हाथी, अब तीन दिनों तक होगी विशेष निगरानी
Ambikapur News : सरगुजा जिले में लंबे समय से वन विभाग और ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना कबरा हाथी आखिरकार छह दिनों की लगातार मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम के नियंत्रण में आ गया। रामगढ़ पहाड़ी के दुर्गम जंगलों में चलाए गए विशेष रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बुधवार को टीम ने उसे ट्रेंकुलाइज कर लिया। इसके बाद हाथी के पैर में बेड़ी पहनाई गई और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया। हालांकि, उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने के बजाय जंगल में ही छोड़ दिया गया है। अब वन विभाग की टीम अगले तीन दिनों तक उसकी गतिविधियों और व्यवहार की लगातार निगरानी करेगी।
कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने का आदेश शासन स्तर से जारी किया गया था। इसके बाद सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल को अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हाथी को पकड़ने के लिए पिछले कई दिनों से वन विभाग की टीमें रामगढ़ पहाड़ी के आसपास के जंगलों में लगातार उसकी लोकेशन तलाश रही थीं। हाथियों के बड़े झुंड के साथ रहने और पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पहले किए गए प्रयास सफल नहीं हो सके थे।

17 हाथियों के झुंड से कबरा को अलग करना था सबसे बड़ी चुनौती
जानकारी के अनुसार, कबरा हाथी पिछले कई दिनों से 17 हाथियों के दल के साथ विचरण कर रहा था। यह दल सुखरीभंडार, कुशवामुड़ा, आमा डुग्गू, चकेरी, बेलढाब और बंगारू होते हुए रामगढ़ पहाड़ी के पार्वती गुफा के आसपास के जंगलों में पहुंचा था।

वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती कबरा हाथी को उसके झुंड से अलग करने की थी। झुंड में दूसरे हाथियों की मौजूदगी के कारण ट्रेंकुलाइज करने का जोखिम भी बना हुआ था। इसी वजह से वन विभाग की टीम लगातार अनुकूल अवसर की तलाश कर रही थी।
सुबह 8 बजे शुरू हुआ अभियान, 400 मीटर ऊंचाई पर पहुंची टीम
बुधवार सुबह करीब 8 बजे से वन विभाग की टीम ने रामगढ़ पहाड़ी के ऊंचाई वाले दुर्गम जंगलों में अभियान शुरू किया। कबरा हाथी उस समय अपने दल के साथ पार्वती गुफा की ओर जंगल में मौजूद था। हाथियों के झुंड से कबरा को अलग करने के लिए वन अमले ने पटाखों का सहारा लिया। इसी दौरान अनुकूल स्थिति बनते ही ट्रेंकुलाइजर विशेषज्ञों ने उसे डॉट (ट्रेंकुलाइजर इंजेक्शन) मारकर बेहोश किया।

इसके बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और रेस्क्यू टीम के सदस्य लगभग 400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित घटनास्थल तक बेहद कठिन और जोखिम भरे रास्तों से पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में कबरा हाथी के पैर में बेड़ी पहनाई गई और हाई फ्रिक्वेंसी रेडियो कॉलर लगाया गया।
जंगल में ही छोड़ा गया कबरा, तीन दिन तक रहेगी निगरानी
रेस्क्यू की प्रक्रिया पूरी होने के बाद कबरा हाथी को जंगल में ही छोड़ दिया गया। रेडियो कॉलर के जरिए अब उसकी लोकेशन, आवाजाही और गतिविधियों की जानकारी मिलती रहेगी।
वन विभाग की टीम आगामी तीन दिनों तक हाथी के व्यवहार पर विशेष नजर रखेगी। इस दौरान यह देखा जाएगा कि रेडियो कॉलर लगाए जाने के बाद उसकी गतिविधियां कैसी रहती हैं और वह किस दिशा में विचरण करता है। निगरानी के बाद उसकी स्थिति और व्यवहार के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बुजुर्ग महिला समेत कई लोगों की जान ले चुका है कबरा
विदित हो कि कबरा हाथी का आतंक लंबे समय से उदयपुर वनपरिक्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बना हुआ था। झिरमिटी में उसने एक बुजुर्ग महिला को कुचलकर मार डाला था, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए थे। इसके अलावा भी इस हाथी के हमलों में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
लगातार बढ़ते खतरे को देखते हुए शासन स्तर पर कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज करने का आदेश जारी किया गया था। इसके बाद वन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया। इस अभियान की जिम्मेदारी सूरजपुर डीएफओ विपुल अग्रवाल को सौंपी गई थी।
रेस्क्यू अभियान में इनकी रही अहम भूमिका
छह दिनों तक चले इस चुनौतीपूर्ण अभियान को सफल बनाने में रमकोला की रेस्क्यू टीम, गोपी के साथी तथा महावत हरीश और हाबिल की टीम का विशेष योगदान रहा। पूरा अभियान सीसीएफ वन्यजीव डॉ. प्रणय मिश्रा, डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल और डिप्टी डायरेक्टर एलिफेंट रिजर्व सौरभ सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
अभियान में प्रशिक्षु आईएफएस कुणाल मिश्रा, संतोष पाण्डेय (एसडीओ सूरजपुर), अर्पित राय (एसडीओ ओड़गी), सपना मुखर्जी (एसडीओ उदयपुर), संस्कृति बारले (एसडीओ प्रतापपुर), रेंजर फेकू प्रसाद चौबे, पूजा यादव, उत्तम मिश्रा, सुनीत साहू, रामनिवास दहायत, वनपाल गिरीश बहादुर सिंह, रामबिलास सिंह, शशिकांत सिंह, मलेश्वर पैकरा, यादनंद सिंह और अशोक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ड्रोन निगरानी टीम में ऋतिक सोनी, राजाराम यादव, इंद्र प्रसाद पिपला, बसंत राम और आर्मो कुमार शामिल रहे। वहीं वनरक्षक एवं मैदानी अमले से इग्नेश बैक, अमरनाथ राजवाड़े, नंदकुमार, राजू टोप्पो, राजेश राजवाड़े, पूरण राम, विष्णु सिंह, राजेश कुजूर, सहिस कपूर, अवधेश पुरी, बृजभान और भैयालाल तिर्की सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय योगदान दिया।
छह दिनों की मेहनत के बाद मिली सफलता
रामगढ़ पहाड़ी के घने जंगलों और दुर्गम रास्तों के बीच चलाया गया यह अभियान वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती था। लगातार छह दिनों तक अधिकारियों, विशेषज्ञों, महावतों और मैदानी कर्मचारियों ने समन्वय के साथ काम किया। आखिरकार कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने में सफलता मिली।
अब सबसे महत्वपूर्ण चुनौती उसकी गतिविधियों पर नजर रखने और उसके व्यवहार का आकलन करने की है। अगले तीन दिन वन विभाग के लिए बेहद अहम होंगे।

