Ambikapur News : मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सरगुजा जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम ‘अर्नब’ के प्रभाव से 30 अक्टूबर को तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी, अंबिकापुर द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर छत्तीसगढ़ में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। खराब मौसम की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

प्राथमिक से हायर सेकेंडरी तक के स्कूल बंद

जारी आदेश के मुताबिक, सरगुजा जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों में 30 अक्टूबर को अवकाश रहेगा। यह आदेश जिले के सभी संबंधित विद्यालयों पर लागू होगा।
जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय, सरगुजा संभाग के आयुक्त, कलेक्टर सरगुजा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा, जिला जनसंपर्क अधिकारी तथा सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक सूचना एवं कार्रवाई के लिए भेजी है।

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी इस आदेश के तहत शुक्रवार को जिले के सभी संबंधित स्कूलों में शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।


